तीसरे दिन जीत के लिए खिलाड़ियों ने दिखाया दमखम
-सांसद खेलकुंभ में हुई कबड्डी, वालीबाल, बैडमिंटन, शतरंज प्रतियोगिता प्रतियोगिता
-जिला स्पोर्ट्स स्टेडियम में सुबह से शाम तक खिलाड़ियों ने बहाया पसीना
संवाद न्यूज एजेंसी
सिद्धार्थनगर।
सांसद खेल कुंभ में सोमवार को जिला स्पोर्ट्स स्टेडियम में सुबह से शाम तक काफी संख्या में खिलाड़ियों ने जीत के लिए पसीना बहाया। कबड्डी, फुटबाल, बैडमिंटन, शतरंज एवं वॉलीबाल प्रतियोगिता हुई। बालिका वर्ग में सिंहेश्वरी इंटर कॉलेज और बालक वर्ग में एजुकेशनल एकेडमी विशुनपुर की टीम विजेता रही।
बैडमिंटन प्रतियोगिता के पुरूष एकल सीनियर वर्ग में शैलेंद्र प्रताप चौधरी ने प्रथम व सुमित टिबड़ेवाल ने द्वितीय स्थान हासिल किया। सीनियर वर्ग पुरुष युगल में रवि अग्रवाल एवं इंद्रेश की जोड़ी ने संजय जायसवाल एवं शैलेंद्र प्रताप चौधरी को मात दी। बालक एकल जूनियर वर्ग में युवराज सिंह प्रथम एवं आयुष श्रीवास्तव द्वितीय स्थान पर रहे। बालक युगल जूनियर वर्ग में युवराज सिंह एवं कयूम की जोड़ी ने दिव्यांश सिंह और सुमित टिबड़ीवाल को शिकस्त दी। महिला एकल सीनियर वर्ग में आरजू को हराकर जान्हवी सिंह ने जीत दर्ज की। महिला युगल सीनियर वर्ग में भावी सिंह एवं साक्षी अग्रहरि ने अनपूर्णा द्विवेदी एवं अंजलि चौरसिया को पराजित किया। बालिका एकल जूनियर वर्ग में निधि गुप्ता ने मुस्कान अग्रहरि को हराया। बालिका युगल जूनियर वर्ग में आर्या आलिया रानी एवं अन्न्पूर्णा की जोड़ी ने मुस्कान और अंजलि को हराकर जीत हासिल की।
वालीबाल बालक वर्ग में एजुकेनल एकेडमी विशुनपुर विजेता एवं जागृति स्पोर्ट्स क्लब की टीम उपविजेता रही, जबकि इसी स्पर्धा के बालिका वर्ग में सिंहेश्वरी इंटर कॉलेज सिद्धार्थनगर की टीम विजेता और गौतम बुद्घ एकेडमी उपविजेता का खिताब जीतने में सफल रही।शतरंज बालिका सीनियर वर्ग में शुभांगी द्विवेदी को मात देकर सविता पांडेय विजेता बनी। ज्वाइंट मजिस्ट्रेट ओजस्वी राज, क्रीड़ाधिकारी एसडीएस यादव एवं उपक्रीड़ाधिकारी फरीदा सिद्दीकी की रेख-रेख में प्रतियोगिताएं हो रही हैं।
फुटबाल प्रतियोगिता के उद्घाटन मैच में जवाहर नवोदय विद्यालय बांसी की टीम ने रोमांचक मैच में गौतम बुद्घ एकेडमी को 1-0 से शिकस्त दी।दूसरे मैच में सिद्धार्थ फुटबाल क्लब को वॉक ओवर मिल गया, जबकि तीसरे मैच में रायल एसडीएम की टीम ने स्टेडियम को 0-4 से पराजित किया। क्वार्टर फाइनल मैच में सिद्धार्थ फुटबाल क्लब ने रायल एसडीआर को हराकर अगले दौर में प्रवेश किया। कबड्डी प्रतियोगिता के बालक वर्ग में छह टीमें जीतकर अगले दौर में पहुंची, जबकि बालिका वर्ग में दस टीमें अगले दौर में प्रवेश कर गई हैं।