पार्गो वायरस से बीमार हो रहे कुत्ते
मौसम में बदलाव के साथ कुत्तों में फैल रही संक्रामक बीमारी
नगर में एक साथ मरे पांच कुत्ते, जिले में एक हजार से अधिक हैं पालतू कुत्ते
संवाद न्यूज एजेंसी
सिद्धार्थनगर। बदलते मौसम में पार्गो के वायरस से कुत्ते बीमार हो रहे हैं। इस कारण कुत्तों की मौत भी हो रही है। इससे एक से दूसरे कुत्ते में बीमारी फैलने की आशंका है। ऐसे में अगर लक्षण दिखे तो तत्काल इलाज कराना चाहिए।
पशु चिकित्सालय में बीमार कुत्तों को लेकर पहुंचने वालों की संख्या बढ़ गई है। जबकि, घुमंतू कुत्तों की मौत भी चर्चा में है। पशुओं में मौसम में बदलाव के कारण संक्रामक बीमारियां फैलती हैं। कुत्तों में पार्गो नामक बीमारी का संक्रमण तेजी से फैल रहा है। उल्टी, बुखार के कारण कुत्ते भोजन छोड़ देते हैं और कमजोरी के कारण उनकी मौत हो जाती है। विशेषज्ञों का कहना है कि समय से उपचार नहीं हुआ तो अन्य कुत्ते संक्रमित हो सकते हैं। मुख्य पशु चिकित्साधिकारी डॉ. ज्ञान प्रकाश के अनुसार पार्गो वायरस से कुत्ते बीमार हो रहे हैं। अस्पताल में प्रतिदिन 10-12 कुत्ते ऐसे पहुंच रहे हैं, जिनमें पार्गो वायरस के लक्षण हैं। पशु चिकित्सा विभाग के आंकड़ों पर गौर करें तो जिले में लगभग एक हजार कुत्ते पालतू हैं। इनका लोग नियमित दवा-उपचार कराते हैं। विभाग पालतू कुत्तों का पंजीकरण करता है। उनकी विशेष देखरेख होती है। वहीं, अन्य कुत्तों की संख्या पर गौर करें तो जिले में 20 हजार से अधिक घुमंतू कुत्ते हैं। ऐसे में अगर बीमारी पांव पसराती है तो बड़ी समस्या उत्पन्न हो जाएगी।
सिसहनिया में मरे पांच कुत्ते
नगर के सटे सिसहनिया मोहल्ले में एक-एक करके पांच कुत्तों की मृत्यु हो गई थी। इसमें कुत्ते धीरे-धीरे बीमार हुए और खाना छोड़ दिए। इसके बाद कमजोर होकर उनकी मौत हो गई। सभी घुमंतू थे। चिकित्सकों से बात हुई तो उन्होंने पार्गो रोग से मौत होने की आशंका व्यक्त की।
बीमारी के लक्षण
पशुधन प्रसार अधिकारी अरुण कुमार प्रजापति के मुताबिक पार्गो रोग संक्रामक है। यह कुत्ते में विशेष तौर पर होती है। इन दिनों इस प्रकार के पालतू कुत्ते आ रहे हैं। अगर कुत्ता अचानक खाना छोड़ दे, उल्टी करे, गुम रहे और अक्सर बैठा रहे तो जान लीजिए कि यह पार्गो बीमारी का लक्षण है। अगर ऐसा है तो तत्काल इलाज कराएं। वहीं, अगर मौत हो जाती है तो उसे दफन कर दें। अन्यथा अन्य कुत्तों में यह संक्रमण फैल सकता है।
सफाई पर दें विशेष ध्यान
पार्गो बीमारी कुत्तों में फैलती है। यह इस प्रजाति के लिए संक्रामक बीमारी है। देखते ही देखते एक-दूसरे में लार, उल्टी से फैलता है। कभी-कभी उल्टी करते समय खून भी आ जाता है। ऐसे में तत्काल चिकित्सक को दिखाएं। अन्यथा यह दूसरे कुत्तों में फैल सकता है। इसमें सफाई बेहद जरूरी है। अगर कुत्ते का खून हाथ में लगता है तो उसको सही तरह से धुलें। साथ ही अस्पतालों पर टीका उपलब्ध रहता है। ऐसे में अगर कोई कुत्ता इस समय बीमार दिखे तो नजदीक के पशु अस्पताल पर टीका लगवा सकते हैं। यहां पर इस बीमारी का टीका उपलब्ध है।
-डॉ. योगेश प्रताप सिंह, चिड़ियाघर गोरखपुर