डुमरियागंज के हबीबुल्लाह नगर के पश्चिम तरफ झाड़ियों में दिखा फिशिंग कैट।
- फोटो : SIDDHARTHNAGAR
आबादी में फिशिंग कैट के आने से लोगों में दहशत
डुमरियागंज। नगर पंचायत के वार्ड नंबर 12 हबीबुल्लाह नगर के पश्चिम तरफ बंधे से सटे झाड़ियों में फिशिंग कैट को देखा गया। पिछले तीन दिन से उसके देखने से आसपास के लोग दहशत में हैं।
डुमरियागंज के हबीबुल्लाह नगर वार्ड के पश्चिम तरफ बंधे से सटी झाड़ियों में शुक्रवार को पहली बार फिशिंग कैट को देखा गया। उसकी सूचना वन विभाग को दी गई। नगर पंचायत के वार्ड से सटे आसपास के लोगों को जब इस बात की जानकारी हुई तो वे दहशत में आ गए और अपने जानवरों तथा बच्चों को खेत व झाड़ियों की तरफ जाने से रोक दिया।
वार्ड के शाबान अहमद, इबरार अहमद, मुस्ताक अहमद, मोहम्मद शाहिद, इरफान अहमद, चिरागू आदि ने बताया कि वे तीन दिन से घबराए हैं। लोगों का कहना है कि वन विभाग के कुछ लोग दो दिन पूर्व आए थे और सिर्फ झाड़ियों को देखकर चले गए। किसी तरह से पकड़ने का प्रयास नहीं किया गया। लोगों का यह भी कहना था कि पश्चिम तरफ जो बंधा है, वह कई वार्डों को जोड़ता है। उस वजह से लोग बंधे की तरफ जाने से डर रहे हैं।
इस संबंध में वन क्षेत्राधिकारी डुमरियागंज शिव शंकर सिंह ने बताया कि फिशिंग कैट की सूचना मिली है। फिलहाल आसपास के लोग उस तरफ न जाएं। टीम बनाकर शीघ्र ही उसे पकड़ लिया जाएगा।