ऑपरेशन थिएटर का कार्य अधर में, मरीज परेशान
सिद्धार्थनगर। माधव प्रसाद त्रिपाठी मेडिकल कॉलेज से संबद्ध संयुक्त जिला चिकित्सालय में ऑपरेशन की व्यवस्था लचर हो गई है। करीब 11 माह से बनाई जा रही दो माड्यूलर ओटी का कार्य अधर में पड़ा है, जबकि ओटी में सी-आर्म मशीन का सुधार कार्य नहीं होने के कारण डेढ़ माह से सर्जरी टाली जा रही है। मरीजों को रेफर किया जा रहा है, मगर लापरवाही करने वालों के खिलाफ कोई कार्रवाई नहीं की जा रही है।
संयुक्त जिला चिकित्सालय के ओटी कांपलेक्स में तीन ऑपरेशन थिएटर हैं। दो ओटी को माड्यूलर बनाया जा रहा है, जबकि इकलौती ओटी में सी आर्म मशीन खराब पड़ी है। हड्डी में रॉड या प्लेट डालने के लिए ऑपरेशन नहीं हो पा रहा है। सीएमएस डॉ. नीना वर्मा के नोटिस देने के बावजूद मशीन सप्लाई करने वाली कंपनी ने मरम्मत नहीं की। इस कारण आए दिन मरीजों को दर्द झेलना पड़ रहा है और इलाज कराने में उनकी आर्थिक क्षति हो रही है। जिला अस्पताल में ऑपरेशन के लिए मरीजों को कई दिनों तक इंतजार करना पड़ रहा है। सोमवार को ओटी में चार मेजर और आठ माइनर सर्जरी की गई।
यदि तीनों ओटी में ऑपरेशन होते तो एक दिन में 20 सर्जरी करने में भी कोई दिक्कत नहीं होती। दोनों माड्यूलर के लिए सीएसआर प्रोजेक्ट के अंतर्गत 94 लाख रुपये के प्रोजेक्ट से कार्य किया जा रहा है। बजट प्राप्त होने के बावजूद ओटी के कार्य में देर हो रही है। ओटी के कार्य के लिए कार्यदायी संस्था पीडब्ल्यूडी है। इस लापरवाही के कारण मरीजों को परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है।
ओटी का रंग कर दिया नीला
जिलाधिकारी दीपक मीणा चार दिन पहले माड्यूलर ओटी के कार्यों का निरीक्षण करने गए थे। उन्होंने ओटी का रंग नीला देखा तो चौंक गए। डीएम ने ओटी का रंग बदलकर सफेद करने के निर्देश दिए। डॉक्टरों के अनुसार, ओटी का रंग नीला नहीं होता है। डीएम ने निर्देश दिए हैं कि ओटी का कार्य जल्द ही पूरा किया जाए। हालांकि उनके निरीक्षण के बाद भी कार्य बंद पड़ा है।
होगी एफआईआर : सीएमएस
संयुक्त जिला चिकित्सालय की सीएमएस डॉ. नीना वर्मा ने कहा कि कार्यदायी संस्था को निर्देश दिया गया है कि जल्द ही माड्यूलर ओटी का कार्य पूर्ण करें। ओटी के सी आर्म मशीन की मरम्मत करने के लिए संबंधित कंपनी को नोटिस दिया गया है। फिर भी मरम्मत नहीं हुई। उन्होंने कहा कि कंपनी के खिलाफ एफआईआर कराई जाएगी।