गलत विवेचना पर गोल्हौरा थाने में तैनात दरोगा लाइन हाजिर
सिद्धार्थनगर। एसपी डॉ. यशवीर सिंह ने मंगलवार को गोल्हौरा थाने में तैनात दरोगा बलजीत राव को गलत विवेचना करने के आरोप में लाइन हाजिर कर दिया। आरोप है कि दरोगा ने किशोरी से दुष्कर्म के प्रयास के मामले की विवेचना में गलत रिपोर्ट लगा दी है। इस पर एसपी ने एसआई को लाइन हाजिर करते हुए दोबारा विवेचना का आदेश दिया है।
गोल्होरा थाना क्षेत्र के एक गांव निवासी 13 वर्षीय किशोरी को दो युवक बहला फुसलाकर दो माह पहले मुंबई लेकर चले गए थे। आरोप है कि दोनों ने उसके साथ दुष्कर्म का प्रयास किया। इसके बाद इस मामले में दोनों युवकों के खिलाफ दुष्कर्म के प्रयास का केस दर्ज कराया गया। इस मामले में किशोरी के बयान के बावजूद दरोगा ने विवेचना में गलत रिपोर्ट लगा दी थी। संबंधित सीओ ने मामले को पकड़ लिया और विवेचना रोक दी थी। बावजूद विवेचक ने मामले में आरोपित को क्लीन चिट देकर फाइनल रिपोर्ट लगा दी। मामला संज्ञान में आने के बाद एसपी ने विवेचक दरोगा बलजीत राव को लाइन हाजिर करते हुए फिर से विवेचना का आदेश दिया है। इस मामले में विवेचक की ओर से पर्याप्त साक्ष्य जुटाने में भी लापरवाही सामने आई है।
गोल्हौरा थाना क्षेत्र के अंतर्गत किशोरी को अगवा करने और उसके साथ दुष्कर्म के प्रयास के मामले में विवेचना में लापरवाही बरतने के मामले में दरोगा बलजीत राव को लाइन हाजिर कर दिया गया है। साथ ही मामले की फिर से विवेचना का आदेश दिया गया है।
- डॉ. यशवीर सिंह, एसपी