शोहरतगढ़। शोहरतगढ़ ब्लॉक के ग्राम पंचायत अटकोनिया में सोमवार को करीब 25 लाख रुपये की लागत से निर्मित हिंदू अंत्येष्टि स्थल का लोकार्पण एमएलसी सुभाष यदुवंश ने किया।
एमएलसी सुभाष यदुवंश ने कहा कि प्रधान संगठन के जिलाध्यक्ष डॉ. पवन मिश्रा और प्रधान प्रतिनिधि विंध्याचल गिरी की ओर से क्षेत्र की समस्या से अवगत कराया गया था कि ग्रामीणों को खुले में शवदाह करना पड़ता है। बरसात, आंधी और तेज धूप में लोगों को काफी दिक्कतों का सामना करना पड़ता था। इसी समस्या को देखते हुए 25 लाख रुपये की लागत से अंत्येष्टि स्थल का निर्माण कराया गया है, जिसमें लकड़ी रखने सहित कई आवश्यक सुविधाएं उपलब्ध कराई गई हैं। उन्होंने कहा कि केंद्र और प्रदेश की डबल इंजन सरकार गांवों और ग्रामीण भारत में लगातार आधारभूत सुविधाओं का विस्तार कर रही है। साथ ही उन्होंने ग्राम प्रधानों के बकाया मनरेगा भुगतान को भी शीघ्र जारी कराने की बात कही।
वहीं, प्रधान संगठन के जिलाध्यक्ष डॉ. पवन मिश्र ने कहा कि शवदाह के दौरान बारिश या आंधी आने पर लोगों को सिर छिपाने तक की जगह नहीं मिलती थी। तेज धूप में भी लोगों को परेशानियों का सामना करना पड़ता था। इस पीड़ा को देखते हुए एमएलसी सुभाष यदुवंश से अंत्येष्टि स्थल निर्माण की मांग की गई थी, जिसे उन्होंने स्वीकार करते हुए निर्माण कार्य पूरा कराया। उन्होंने कहा कि एमएलसी की ओर से चिकित्सा क्षेत्र में भी जरूरतमंदों की लगातार मदद की जाती रही है।
कार्यक्रम में एडीओ पंचायत संजय पटेल, सचिव गौरव श्रीवास्तव, अजय भारतीया, कामेश्वर मिश्रा, संदीप सरोज, सीई नैंसी आदि मौजूद रहे।