डुमरियागंज में पत्रकार वार्ता करती विधायक सैयदा खातून। संवाद
- फोटो : SIDDHARTHNAGAR
गरीबों, बेकसूरों पर ढ़ाया जा रहा है जुल्म : सैय्यदा
संवाद न्यूज एजेंसी
डुमरियागंज। विधायक सैय्यदा खातून ने कहा कि सरकार बुलडोजर चलाकर गरीबों, बेकसूरों को उजाड़ रही है। उन पर जुल्म किया जा रहा है। यह कानून और संविधान के विरुद्ध है। इस सरकार में शांतिपूर्ण ढंग से प्रदर्शन भी करने नहीं दिया जा रहा है।
पीडब्ल्यूडी के डाक बंगला पर विधायक ने मंगलवार को आयोजित पत्रकार वार्ता में कहा कि डुमरियागंज ब्लॉक गेट पर प्रशासन द्वारा अतिक्रमण हटाने के नाम पर बुलडोजर चलाकर दुकानों को ध्वस्त किया जा रहा है। इस कार्रवाई से दुकानदार बेरोजगार हो गए हैं। उनके परिजनों के समक्ष भुखमरी की स्थिति उत्पन्न हो गई है। उन्हें प्रशासन वैकल्पिक व्यवस्था के तहत स्थापित करने का काम करें, जल्द ही इस मामले में मुख्यमंत्री से मिलकर दुकानदारों की समस्या को बताया जाएगा।
उन्होंने कहा कि डुमरियागंज की बिजली कटौती की समस्या, बदहाल बस स्टेशन, जर्जर और बदहाल सड़क, अधूरी पड़ी जलापूर्ति योजना, बाढ़ की समस्या और बचाव व्यवस्था सहित विभिन्न जनसमस्याओं को लेकर विभागीय मंत्री से मिलकर उन्हें पत्र देकर और अधिकारियों से मुलाकात कर समस्याओं के निस्तारण की मांग किया गया है।