विधायक की मां प्रधान, पत्नी बीडीसी और साली जिला पंचायत सदस्य
- शोहरतगढ़ के विधायक अमर सिंह चौधरी के प्रत्याशियों ने दर्ज की जीत
- विधान सभा क्षेत्र में प्रधानों को जिताकर आसान किया 2022 का लक्ष्य
संवाद न्यूज एजेंसी
सिद्धार्थनगर। शोहरतगढ़ क्षेत्र के अपना दल एस के विधायक अमर सिंह चौधरी ने त्रिस्तरीय पंचायत चुनाव में अपने प्रत्याशियों को जिताने में कामयाबी हासिल की। विधायक की पत्नी वंदना सिंह अलग-अलग वार्डों से क्षेत्र पंचायत सदस्य चुनीं गईं हैं, जबकि उनकी माता कैलाशी देवी ग्राम प्रधान बनने में कामयाब रहीं। जिले में ही विधायक की साली पूनम चौधरी जिला पंचायत सदस्य पद पर निर्वाचित हुई हैं।
शोहरतगढ़ विधायक चौधरी अमर सिंह की माता कैलाशी देवी विकास खंड बर्डपुर के ग्राम पंचायत बर्डपुर नंबर एक से ग्राम प्रधान पद पर निर्वाचित हुई हैं। विधायक बनने से पहले अमर सिंह चौधरी अपने ग्राम सभा में 2005 और 2010 के पंचायत चुनाव में ग्राम प्रधान रह चुके हैं। विधायक की पत्नी वंदना सिंह बर्डपुर ब्लाक के वार्ड संख्या 36 और 38 से निर्वाचित हुई हैं। उन्होंने क्षेत्र पंचायत के दो वार्डों से नामांकन किया था, दोनों में जीत गईं। साथ ही शोहरतगढ़ विधानसभा क्षेत्र में पड़ने वाले वार्ड नंबर पांच से विधायक की साली पूनम चौधरी जिला पंचायत सदस्य चुनी गई हैं। पूनम ने पहली बार राजनीति में कदम रखा है। विधायक ने कहा कि विधानसभा चुनाव में मिला जनता का समर्थन आज भी उन्हें हासिल है। उनके भरोसे को टूटने नहीं देंगे। विधानसभा क्षेत्र में उनके काफी संख्या में समर्थक ग्राम प्रधान चुनाव जीतने में कामयाब हुए हैं। उन्होंने गांव से राजनीति शुरू की थी, गांव के विकास के लिए सक्रिय हैं।