नहर में मिला शख्स का शव, शिनाख्त नहीं
खोरिया रघुवीर सिंह गांव के पास से गुजरी है नहर
पथरा(सिद्धार्थनगर)। थानाक्षेत्र के खोरिया रघुवीर सिंह गांव के पास से गुजरने वाली नहर में बुधवार को एक व्यक्ति का शव मिला। पुलिस ने शव की शिनाख्त कराने की कोशिश की, लेकिन कामयाबी नहीं मिली। इसके बाद शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।
क्षेत्र के खोरिया रघुवीर सिंह गांव के पास से गुजरने वाली नहर में दोपहर दो बजे के एक लाश उतराती हुई देखी गई। देखते ही देखते लोगों की भीड़ जुट गई। इसी दौरान किसी ने पुलिस को जानकारी दे दी। एसओ पथरा बाजार बालजीत राव टीम के साथ मौके पर पहुंचे। उन्होंने ग्रामीणों के सहयोग से शव को बाहर निकलवाया और शिनाख्त की कोशिश की, लेकिन कोई पता नहीं चल सका। इस संबंध में थानाध्यक्ष बलजीत राव ने बताया कि नहर में लाश मिली है। शिनाख्त नहीं हो पाई है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने और शिनाख्त के बाद आगे की कार्रवाई की जाएगी।