बांसी। नगर क्षेत्र के सुभाषनगर वार्ड के सहजी टोला में गुरुवार की रात चोर दो घरों में सेंध काटकर नकदी व आभूषण सहित कीमती सामान समेट ले गए। सुबह घटना की जानकारी होने पर गृह स्वामियों ने पुलिस को सूचना दी। चोरी से प्रभावित एक घर में 22 अप्रैल को बेटी का तिलक होना है।
नगर के सहजी निवासी जयप्रकाश गौड़ व सहज राम का मकान सटा हुआ है। दोनों घरों के बीच में मिट्टी की दीवार है। छत टीन की है। गुरुवार की रात दोनों परिवार के लोग सोए थे। देर रात चोर दोनों घर में पीछे की दीवार में सेंध काटकर घर में दाखिल हो गए। इसके बाद जय प्रकाश गौड़ के घर से तीस हजार रुपया नकदी, सोने का मंगलसूत्र व कील, दो बोरी सरसों उठा ले गए। इसी तरह सहज राम के घर से सोने का मंगल सूत्र, झुमकी, 15 पीस बर्तन व राशन उठा ले गए। चोर घर में रखा बक्सा, अटैची घर के पीछे खेत में निकालकर ले गए और उसमें रखा जेवर-नकदी निकालने के बाद खाली बक्सा व अटैची को छोड़ फरार हो गए। गृह स्वामी को घटना की जानकारी सुबह हुई। सूचना 100 नंबर पर दी। मौके पर पहुंची पुलिस ने छानबीन की। जयप्रकाश गौड़ की बेटी का 22 अप्रैल को तिलक है। इसके लिए उसने काफी मशक्कत कर तीस हजार रुपये इकट्ठा किया था, चोर उसे भी उठा ले गए। इस संबंध में कोतवाल रविंद्र कुमार सिंह ने बताया कि मामले की छानबीन की जा रहा है। तहरीर मिलने पर मुकदमा दर्ज किया जाएगा। उधर, चोरी की सूचना पर पहुंचे नगर पालिका अध्यक्ष मो. इद्रीश पटवारी ने पीड़ित परिवार को पांच हजार रुपये नकद की सहायता मुहैया कराई।