सिद्धार्थनगर। बुद्ध विद्यापीठ महाविद्यालय में रविवार को सात राष्ट्रीय सेवा योजना विशेष शिविर शुरू हो गया। पहले दिन महरिया के ग्राम सचिवालय सभागार में आयोजित शिविर में ग्रामीणों को कई जानकारी दी गई। उन्हें समाज और राष्ट्रसेवा के प्रति जागरूक किया गया।
महाविद्यालय के प्राचार्य प्रोफेसर डॉ. अभय कुमार श्रीवास्तव ने कहा कि राष्ट्रीय सेवा योजना जैसे कार्यक्रमों का उद्देश्य युवाओं में अनुशासन एवं चरित्र का विकास करना है। इस कार्यक्रम के माध्यम से युवाओं के अंदर राष्ट्र एवं समाज के प्रति कर्तव्य भाव विकसित होता है और सामुदायिक सेवा के माध्यम से उनके व्यक्तित्व का न केवल विकास होता है। बल्कि उनके अंदर नेतृत्व की क्षमता व प्रशासकीय गुणों का विकास होता है। आगे उन्होंने कहा कि राष्ट्रीय सेवा योजना के शिविर का उद्देश्य युवाओं में अपने समाज के प्रति एवं राष्ट्र के प्रति दायित्व बोधज जागृत करना है।
विशिष्ट अतिथि डॉ. शक्ति जायसवाल ने राष्ट्रीय सेवा योजना के उद्देश्यों पर प्रकाश डालते हुए कहा कि राष्ट्रीय सेवा योजना का प्रमुख उद्देश्य स्वैच्छिक सामुदायिक सेवा के माध्यम से युवाओं के व्यक्तित्व एवं चरित्र का विकास करना है। वीर सावरकर इकाई के कार्यक्रम अधिकारी नवीन सोनी ने सात दिवसीय विशेष शिविर के बारे में विस्तृत चर्चा की और एनएसएस के उद्देश्यों पर प्रकाश डाला। इस दौरान डॉ. रत्नाकर पांडेय, डॉ. रेखा सिंह, अजित पटेल, ऋषि कुमार मिश्र, राकेश तिवारी, प्रदीप, रमेश आदि मौजूद रहे।