एसडीएम व पीडब्ल्यूडी एक्सईएन करेंगे निर्माण कार्यों की जांच
शिकायत के बाद जांच के लिए गठित हुई कमेटी
अमर उजाला ब्यूरो
डुमरियागंज। नगर पंचायत में हुए विकास कार्यों में अनियमितता और मनमानी बरतने को लेकर सीएम से लेकर डीएम तक शिकायत कर जांच करवाने की मांग की गई थी। इसी क्रम में जांच के दो सदस्यीय टीम गठित की गई है।
बसडिलिया गांव निवासी केएच फारूकी ने सीएम और डीएम से नगर पंचायत में निर्माण कार्यों के अनियमितता की शिकायत की थी। उन्होंने जांच करवा कर संबंधित जिम्मेदारों पर कार्रवाई की मांग की थी। इसे संज्ञान में लेते हुए जिलाधिकारी ने जांच के लिए दो सदस्यीय टीम गठित कर जल्द से जल्द रिपोर्ट देने को कहा है। टीम में डुमरियागंज एसडीएम राजेंद्र प्रसाद व पीडब्ल्यूडी बांसी के एक्सईएन को शामिल किया गया है। एसडीएम ने बताया कि एक्सईएन पीडब्ल्यूडी बांसी के साथ मिलकर जल्द ही नगर पंचायत में हुए विकास कार्यों की जांच की जाएगी। इसकी रिपोर्ट अग्रिम कार्रवाई के लिए डीएम को भेजी जाएगी।