निर्वाचन के कार्य सकुशल संपन्न कराने के निर्देश
सिद्धार्थनगर। विधान परिषद के स्थानीय प्राधिकारी निर्वाचन क्षेत्र के सदस्य के निर्वाचन के लिए सात मार्च 2022 को मतदान होगा। मतगणना 12 मार्च को होगी। इसकी अधिसूचना जारी होते ही तैयारी शुरू हो गई है। डीएम दीपक मीणा ने निर्वाचन संबंधी कार्य सकुशल संपन्न कराने के निर्देश दिए हैं।
स्थानीय प्राधिकारी क्षेत्र से निर्वाचित होने वाले विधान परिषद सदस्यों का कार्यकाल, सात मार्च को समाप्त हो रहा है। कोरोना संक्रमण और उसके बाद विधानसभा चुनाव के कारण विधान परिषद चुनाव में देरी हो गई है। अब निर्धारित समय में चुनाव कराने की तैयारी तेज हो गई है। स्थानीय प्राधिकारी क्षेत्र बस्ती-सिद्धार्थनगर के विधान परिषद सदस्य का चुनाव दूसरे चरण में होना है।
मुख्य निर्वाचन अधिकारी अजय कुमार शुक्ल ने डीएम को भेजे पत्र में 10 फरवरी से अधिसूचना लागू होने की जानकारी दी है। इसके बाद, 17 फरवरी तक पर्चा दाखिल करने की अंतिम तिथि है। 18 फरवरी को नामांकन पत्रों की जांच, 21 फरवरी को नाम वापसी के बाद सात मार्च को मतदान होगा। 12 मार्च को मतगणना के साथ ही 15 मार्च तक निर्वाचन संबंधी सभी कार्य पूर्ण करने के निर्देश दिए गए हैं।