बारिश के बीच पशुओं पर गलाघोंटू और बुखार का कहर
सिद्धार्थनगर। कई दिनों से रुक-रुककर हो रही बारिश के चलते इंसानों के साथ ही पशुओं के लिए भी मुसीबत बढ़ गई है। पशुओं में कई प्रकार की संक्रामक बीमारियां फैल रही हैं। पशुओं पर गलाघोंटू और बुखार का कहर बरप रहा है।
जिले के कई इलाके बाढ़ से भी प्रभावित हैं। बाढ़ प्रभावित गांवों में पशु चिकित्सा विभाग की ओर से सभी पशुओं का टीकाकरण नहीं किया गया है। अगर विभाग जल्द सतर्क नहीं हुआ तो पशुओं में बीमारी का प्रकोप तेजी से बढ़ सकता है। बारिश के बाद नदियों का जलस्तर बढ़ जाने से कई क्षेत्रों में बाढ़ आ गई है। वहीं लगातार बारिश से हर जगह हालात बुरे हैं। ऐसे में पशु पालकों को समस्या हो गई है।
लगातार बारिश के बाद पशुओं में संक्रामक बीमारी तेजी से फैल रही है। इस वजह से पशुओं को गलाघोंटू और बुखार सहित अन्य बीमारी हो रहा है। शासन का आदेश है कि बारिश शुरू होने से पहले ही पशुओं का टीकाकरण कर लिया जाए। मगर जिले में अभी तक सभी ब्लॉकों में टीकाकरण नहीं हो पाया है। कहीं-कहीं टीकाकरण हुआ है। बता दें कि खेसरहा ब्लॉक क्षेत्र के कोटिया पांडेय गांव में रविवार को एक पशु की बीमार होने से मौत हो गई। जबकि कई बीमार हैं। कई पशु पालक इस समस्या से त्रस्त हैं। पशुपालकों ने इस संक्रमण रोकथाम के लिए टीकाकरण अभियान चलाए जाने की मांग की है। क्षेत्र के राम सुभग यादव, श्यामधर यादव, मोलहू, राम मिलन, पलटू, ऋषभदेव ने पशुओं की बीमारी को देखते हुए टीकाकरण की मांग कर चुके हैं। बावजूद इसके जिम्मेदार ध्यान नहीं दे रहे हैं।
वहीं इटवा ब्लॉक क्षेत्र के पेड़ारी अस्थाई गोशाला में कई पशु बीमारी से दम तोड़ चुके हैं। रविवार को गोलाशा में पांच पशुओं ने दम तोड़ दिया था। पशु पालकों का कहना है कि अगर विभाग ने ध्यान नहीं दिया तो जिस हिसाब से पशुओं में बीमारी हो रही है, बहुत नुकसान होगा। इस संबंध में सीवीओ मेमपाल सिंह ने बताया कि पशुओं का टीकाकरण किया जा रहा है। विशेष अभियान चलाकर टीका लगाया गया है, दवाओं का वितरण किया जा रहा है। जहां टीकाकरण नहीं हुआ होगा, वहां किया जाएगा।