शिनाख्त से खुलेगा युवती की मौत की वजह का राज
सिद्धार्थनगर। शिवनगर डिडई थाना क्षेत्र के माधवपुर गांव दक्षिण आमी नदी में बोरी में मिले युवती के शव का शिनाख्त 24 घंटे बाद भी नहीं हो पाई है। आशंका जताई जा रही है कि हत्या के बाद बोरे में शव को रखकर फेंका गया है। पुलिस शव की पहचान के लिए कोशिश में जुटी है।
क्षेत्र की ग्राम पंचायत एकड़ेगवा के टोला माधवपुर के दक्षिण स्थित आमी नदी में संदिग्ध हालात में प्लास्टिक की बोरी पड़ी थी। उसमें कुछ भरा देख राहगीरों ने इसकी सूचना पुलिस को दी थी। थानाध्यक्ष महेश सिंह ने जब बोरी को खुलवाया तो उसमें युवती का शव मिला। थानाध्यक्ष ने बताया कि बोरी से लगभग 24 वर्षीय युवती का शव बरामद हुआ है।
उन्होंने बताया कि घटना की सूचना पर मौके पर पहुंचे स्थानीय लोगों से पहचान कराई गई। 24 घंटे बाद भी शव का शिनाख्त नहीं हो पाई है। शिनाख्त न होने तक मामले का पर्दाफाश हो पाना कठिन है। बोरी में शव का मिलना लोगों में चर्चा का विषय है। लोगों का कहना है कि अगर स्वाभाविक मौत होती तो क्यों बोरे में डालकर शव को फेंका जाता। इस संबंध में एसओ महेश कुमार सिंह ने बताया कि शव की पहचान की कोशिश की जा रही है। शिनाख्त होने के बाद आगे की कार्रवाई की जाएगी। पुलिस टीम लगी हुई है।
पास के किसी गांव की हो सकती है युवती
आमी नदी में पानी कम है और नदी बहाव पर भी नहीं है। कयास लगाया जा रहा है कि युवती आसपास के किसी गांव की रही होगी। तीन से चार किलोमीटर के दायरे वाले गांव की भी हो सकती थी। लोगों का कहना है कि आसपास के गांवों में पड़ताल की जाए तो शायद कुछ पता चल सके। शव को देखने से यह प्रतीत हो रहा है कि वह चार से पांच दिन पुराना है।