जिले के 2405 स्थानों पर होगी होलिका दहन
सिद्धार्थनगर। होली पर हुड़दंग करने की कोशिश किए तो कार्रवाई के लिए तैयार रहें। क्योंकि जिले के सभी थानों के अलावा स्पेशल टीम तैनात रहेगी जो हर गांव और चौराहों पर नजर रखेगी। इसमें अगर कोई हुड़दंग करता हुआ मिलेगा तो उसके खिलाफ कार्रवाई की जाएगी।
जिले में होली पर्व का उल्लास है। इसमें कुछ अराजक तत्व माहौल को बिगाड़ने की कोशिश करते हैं। पर ऐसे लोगों पर पुलिस प्रशासन सख्त है। माहौल खराब न होने पाए, इसके मद्देनजर थाने के अलावा स्पेशल पुलिस टीम को थानावार लगाया गया है। जो क्षेत्र के हर प्रकार की गतिविधियों पर नजर रखेंगे। चौराहा और गांव में भ्रमण करते रहेंगे। होली के दिन कोई हुड़दंग करते हुए मिलेगा तो उसके खिलाफ कार्रवाई करेंगे। जिले के 2405 स्थान जहां पर होलिका दहन होना है, वहां पर थाने की पुलिस जायजा लेती रहेगी। इस संबंध में एएसपी सुरेशचंद रावत ने बताया कि होली पर्व में अगर कोई शांति व्यवस्था गड़बड़ करने की कोशिश करेगा तो उसके खिलाफ कड़ी कार्रवाई की जाएगी।