‘पुरानी पेंशन योजना को बहाल करे सरकार’
कलेक्ट्रेट में आयोजित हुई सेवानिवृत्त कर्मचारी एवं पेंशनर एसोसिएशन की बैठक
सिद्धार्थनगर। सेवानिवृत्त कर्मचारी एवं पेंशनर एसोसिएशन की बैठक शुक्रवार को कलेक्ट्रेट परिसर में हुई। इसमें पुरानी पेंशन योजना को लागू करने सहित अन्य मांगों के समर्थन में मुख्यमंत्री को संबोधित ज्ञापन प्रशासनिक अधिकारी को सौंपा गया। मांगें पूरी नं होने पर आंदोलन की चेतावनी दी गई।
एसोसिएशन के जिलाध्यक्ष अवधेश यादव ने कहा कि पेंशन बुढ़ापे का सहारा होता है। उसे बंद कर दिया गया है। सरकार पुरानी पेंशन योजना को लागू करे, जिससे कर्मियों को लाभ मिल सके। जनवरी 2020 से जून 2021 तक के डीए एरियर का भुगतान किया जाए। पेंशन कोई आय नहीं है, इसमें किसी भी प्रकार की आयकर कटौती न की जाए।
उन्होंने कहा कि प्रदेश में 50 की आयु सीमा पार कर चुके कर्मियों को जबरिया सेवानिवृत्त करना गलत है, उन्हें किसी भी हाल में सेवानिवृत्त न किया जाए। इसके अलावा अन्य मांगों को जल्द पूरा किया जाए। इस दौरान जिला मंत्री सीताराम, शंभू प्रसाद, रामशंकर यादव, रामराज चौधरी आदि मौजूद रहे।