पानी से भरी बाल्टी में गिरने से बच्ची की मौत के बाद घर पर लगी भीड़।
- फोटो : SIDDHARTHNAGAR
सिद्धार्थनगर जिले के त्रिलोकपुर थानाक्षेत्र के बिस्कोहर नगर पंचायत के कसेरा मोहल्ला में रविवार को घर में तख्त के बगल रखी पानी भरी बाल्टी में एक बच्ची खेलते समय मुंह के बल गिर गई। इससे उसकी मौत हो गई। वह छह माह की थी। पुलिस को सूचना दिए बगैर परिजनों ने शव को दफन कर दिया।
नगर पंचायत बिस्कोहर के कसेरा मोहल्ला निवासी माजिद राइनी मजदूरी कर परिवार चलाते हैं। सुबह सात बजे माजिद काम पर चला गया। पत्नी घर के काम में व्यस्त थी। तख्त पर छह माह की बेटी इशरत लेटी खेल रही थी। खेलते समय तख्त के पास रखी पानी से भरी बाल्टी में वह गिर गई।
घर का काम करने के बाद माजिद की पत्नी खैरुन्निसा तख्त के पास पहुंची तो बेटी को न पाकर खोजने लगी। खोजबीन के बाद जब वह घर पहुंची तो देखा कि पानी की बाल्टी में उसकी बेटी अचेत पड़ी है। वह चिल्लाते हुए बेटी को लेकर निजी अस्पताल पहुंची, जहां चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया।
मां खैरुन्निसा व पिता माजिद ने बताया कि उसके नौ बच्चे हैं। दो लड़के और सात लड़कियां हैं। इशरत सबसे छोटी थी। मासूम की मौत की खबर सुनकर मोहल्ले में सन्नाटा पसर गया। परिजनों ने पुलिस को सूचना दिए बगैर शव को दफन कर दिया। इस संबंध में चौकी प्रभारी बिस्कोहर राजेश कुमार शुक्ल ने बताया कि इस मामले में परिवार की ओर से जानकारी नहीं दी गई है।