-नगर में पांच माह पहले पकड़ी गई थी विदेशी शराब बनाने की फैक्टरी
-500 लीटर नकली विदेशी शराब हुई थी बरामद
संवाद न्यूज एजेंसी
सिद्धार्थनगर। नगर के महनगां में नकली अंग्रेजी शराब की फैक्टरी संचालित करने वालों पर गिरोह बंद अपराध के तहत गैंगस्टर की कार्रवाई की जाएगी। इस कार्रवाई के बाद राजस्व विभाग की मदद से पुलिस संपत्ति के बारे में जानकारी लेगी। अपराध से अर्जित संपत्ति के जब्ती की कार्रवाई की जाएगी। पुलिस जांच पूरी कर चुकी है। इसके बाद गैंगस्टर एक्ट में कार्रवाई की प्रक्रिया शुरू होगी, जिससे इस प्रकार का अपराध करने वाले अपराधियों को आर्थिक चोट पहुंचाई जा सके।
नगर के महनगां गांव के पास एक घर में मई के प्रथम सप्ताह में पुलिस और एसओजी की टीम ने छापा मारकर अवैध रूप शराब बनाने वाली फैैक्टरी का भांड़ाफोड़ किया था। इसमें ड्रम में बनी 500 लीटर नकली शराब, पैक नकली शराब आदि बरामद की। राजस्व को चूना लगाने वाले इस कांड में पुलिस ने दो लोगों को पकड़ा था। साथ ही पूछताछ में महराजगंज निवासी सुनील नाम के शख्स के शामिल होने की बात सामने आई।
जांच में पता चला कि पूरा नेटवर्क संचालित करने का कार्य वही करता था। क्योंकि शराब बनाने में प्रयाेग होने वाले केमिकल से लेकर बोतल और रैपर व नकली बार कोड तक की आपूर्ति वही करता था। फैक्टरी में बनाने के बाद आपूर्ति करने का काम होता था। इस मामले में पुलिस की जांच लगभग पूरी हो चुकी है। केस की गंभीरता को देखते हुए इसमें गैंगस्टर एक्ट की कार्रवाई की जाएगी। इसके लिए तैयारी चल रही है।
इस संबंध में आलाधिकारी ने पहले ही निर्देश दिए थे। गैंगस्टर की कार्रवाई के बाद इनकी आर्थिक रूप से कमर तोड़ी जाएगी। इस संबंध में सीओ सदर अरुण कांत सिंह ने बताया कि मामले की जांच चल रही थी। इसके बाद गैंगस्टर कार्रवाई की प्रक्रिया शुरू की जाएगी।
-
गैंगस्टर के बाद होगी संपत्ति की जांच
गैंगस्टर की कार्रवाई के बाद पुलिस की ओर से राजस्व विभाग की मदद से इनके पूर्व और माैजूदा समय की संपत्ति की जांच की जाती है। जांच में अचानक बढ़ने वाले इनकम का सोर्स पता किया जाता है। इसके बाद जब कोई लीगल जानकारी और साक्ष्य नहीं मिलता है तो उसके अपराध से अर्जित संपत्ति मानकर जब्त करने की कार्रवाई की जाती है। इसमें राजस्व विभाग के अधिकारी की मौजूदगी में कार्रवाई होती है, जैसा की गैंगस्टर एक्ट में होता है। गैंगस्टर लगने के बाद इनकी संपत्ति के बारे में जानकारी मिल जाएगी।
-
पुलिस के हत्थे चढ़े थे यह आरोपी
पुलिस के छापे के दौरान आरोपी लालजी जायसवाल निवासी कोटिया बाजार थाना शोहरतगढ़ जिला सिद्धार्थनगर हाल पता महनगां थाना सिद्धार्थनगर, श्याम कुमार हलवाई निवासी डाकघर रोड थाना बृजमनगंज जिला महराजगंज के खिलाफ धोखाधड़ी, कॉपी राइट सहित अन्य धारा में केस दर्ज किया गया। इसके साथ ही महराजगंज जिले के सुनील का नाम सामने आया था। जो पूरा नेटवर्क संचालित करता था। इसमें केमिकल के साथ ही रैपर, शीशी, बारकोड आदि बरामद किया गया था।
-
इतनी मात्रा में हुई बरामदगी
विभिन्न अंग्रेजी ब्रांड की शराब की 21 बोतल 180 मिली, तीन बोतल 375 मिली, 25 बोतल, 180 मिली, 13 बोतल 375 मिली, नौ बोतल 180 मिली, नौ बोतल 375 मिली, दो बोतल 375 मिली, 10 बोतल 375 मिली, 11 बोतल 375 मिली, चार बोतल खाली एवं केमिकल व्हीजल होमियोपैथी डिल्यूशन ब्रायोनिया अल्बा 30 सी 450 दो बोतल भरी व 153 बोतल खाली, नकली क्यूआर कोड, अंग्रेजी शराब के भिन्न-भिन्न ब्रांड के ढक्कन व देशी शराब के ढक्कन, प्लास्टिक के चार खाली गैलन 20 लीटर व एक खाली गैलन 10 लीटर, एक धारीदार ब्लेड एक रोल चौड़ा टेप व 500 लीटर पानी की टंकी में केमिकल युक्त अर्ध निर्मित शराब आदि बरामद की गई।