खुनुवां। नेपाल के रूपन्देही जिले की पुलिस ने बुधवार को बुटवल में किराये के कमरे से नकली नेपाली नोट छापने वाले एक बड़े गिरोह का पर्दाफाश करते हुए बंगाल के युवक सहित छह लोगों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से एक हजार रुपये के बड़ी संख्या में नकली नेपाली नोट के साथ नोट छापने में प्रयुक्त अत्याधुनिक उपकरण बरामद किए हैं। पुलिस आरोपियों से पूछताछ कर रही है।
रूपन्देही पुलिस के सूचना अधिकारी डीएसपी कृष्ण कुमार चंद ने बताया कि मामले की सूचना मिलने पर लुंबिनी प्रांत पुलिस, जिला पुलिस रूपन्देही और इलाका पुलिस कार्यालय बुटवल की संयुक्त टीम ने ऑपरेशन चार्ली अभियान चलाकर गिरोह का भंडाफोड़ किया। गिरफ्तार आरोपियों में बुटवल की गंगा कुमारी पुरबछाने, पोखरा महानगरपालिका-1 के किरण कृष्ण तिवारी उर्फ कृष्णा, चांगुनारायण नगरपालिका (भक्तपुर) के रामचंद्र खत्री, बाणगंगा नगरपालिका-2 (कपिलवस्तु) के संजय थारू, सैलुंग ग्रामीण नगरपालिका-4 (दोलखा) के पासंग तमांग और भारत के पश्चिम बंगाल राज्य के सिलिगुड़ी, भक्तिनगर थाना क्षेत्र निवासी बसुमित्र आनंद शामिल हैं। पुलिस ने आरोपियों के पास से नकली नोट छापने की फोटोकॉपी मशीन, एक लैपटॉप, नोट काटने की मशीन, एक प्रिंटर, विशेष कागज और प्लास्टिक शीट, लेमिनेशन मशीन, नोट तैयार करने में प्रयुक्त रसायन और छह मोबाइल फोन बरामद किए हैं।
महिला को क्यूआर से भुगतान के लिए दिए नकली नोट
डीएसपी ने बताया कि गिरोह का खुलासा उस समय हुआ, जब गिरोह की एक महिला सदस्य ने क्यूआर कोड के माध्यम से भुगतान करने के लिए एक परिचित महिला को एक हजार रुपये के दो नकली नेपाली नोट दिए। महिला को नोटों के नकली होने का संदेह होने पर उसने पुलिस में शिकायत दर्ज कराई। शिकायत के आधार पर पुलिस ने जांच शुरू की और एक-एक कर सभी आरोपियों को अलग-अलग स्थानों से गिरफ्तार कर लिया। जांच के दौरान रामचंद्र खत्री की गिरफ्तारी के बाद पुलिस को पता चला कि उसने बुटवल उपमहानगरपालिका-13 स्थित जीतगढ़ी क्षेत्र में बालकुमारी घरती मगर के मकान में दो कमरे किराये पर लेकर नकली नेपाली नोट छापने का अड्डा बना रखा था। पुलिस ने वहां छापा मारकर नोट छापने में इस्तेमाल होने वाले सभी उपकरण बरामद कर लिए। पुलिस के अनुसार, अलग-अलग आरोपियों के पास से कुल एक हजार रुपये के 622 नकली नेपाली नोट बरामद किए गए हैं। मामले की गहन जांच जारी है और गिरोह से जुड़े अन्य लोगों की भूमिका की भी जांच की जा रही है।