‘देश को चला रहे चार गुजराती, दो बेच रहे, दो खरीद रहे’
इमरान प्रतापगढ़ी ने बांसी में किया चुनावी सभा को संबोधित
संवाद न्यूज एजेंसी
बांसी (सिद्धार्थनगर)। देश को चार गुजराती चला रहे हैं, दो बेच रहे हैं और दो खरीदने का काम कर रहे हैं। ये बातें कांग्रेस नेता व शायर इमरान प्रतापगढ़ी ने रविवार को बांसी स्थित जूनियर हाईस्कूल के मैदान में आयोजित चुनावी सभा को संबोधित करते हुए कहीं।
कांग्रेस नेता ने कहा कि भाजपा नफरत की राजनीति कर देश व समाज को बांटने का काम रही है। भाजपा सरकार में महंगाई ने आम जनता की कमर तोड़ दी है। नौजवान रोजगार के लिए भटक रहे हैं। किसानों पर अत्याचार हो रहा है। केंद्र सरकार के नोटबंदी, लॉकडाउन, जीएसटी जैसे जनविरोधी फैसले ने जनता को परेशान करने का काम किया है। प्रतापगढ़ी ने कहा कि कांग्रेस की सरकार ही समाज के सभी वर्गों के साथ न्याय कर सकती है, क्योंकि वह विकास की बात करती है। सभा को बांसी विधानसभा सीट से कांग्रेस प्रत्याशी किरन शुक्ला, पूर्व सांसद मो. मुकीम, डॉ. चंद्रेश उपाध्याय, जिलाध्यक्ष काजी सुहेल, सतीश चंद्र त्रिपाठी, केशव शरण भट्ट आदि ने भी संबोधित किया।