बिस्कोहर के परशुराम तिराहा पर कृषि उपकरण व पार्ट पुर्जा की दुकान पर आग लगने से जला सामान। संवाद
- फोटो : SIDDHARTHNAGAR
दो दुकानों में लगी आग, लाखों का सामान जला
- त्रिलोकपुर थाना क्षेत्र के बिस्कोहर परशुरामपुर तिराहा पर हुई घटना
संवाद न्यूज एजेंसी
बिस्कोहर। त्रिलोकपुर थाना क्षेत्र के नगर पंचायत बिस्कोहर के परशुरामपुर तिराहा पर स्थित कृषि उपकरण और आटो पार्ट की दुकान पर सोमवार देर रात आग लग गई। फायर बिग्रेड के तीन घंटे कड़ी मश्क्कत के बाद आग पर काबू पाया गया। आगजनी की इस घटना में लाखों का सामान जलकर नष्ट हो गया।
इटवा थाना के इटवा निवासी सुरेंद्र विश्वकर्मा की कृषि उपकरण व लालू मिस्त्री की आटो पार्ट की दुकान त्रिलोकपुर क्षेत्र के नगर पंचायत बिस्कोहर के परशुराम तिराहा के पास है। सोमवार देर रात आसपास के लोगों ने दुकान से उठता धुआं देखकर स्थानीय पुलिस के साथ दोनों दुकान मालिक को सूचना दी। फायर ब्रिगेड ने लगभग तीन घंटे बाद आग पर काबू पाया, लेकिन तब तक दुकान में रखा सारा सामान जलकर नष्ट हो गया।
कृषि उपकरण के दुकान मालिक सुरेंद्र विश्वकर्मा ने बताया कि कुछ काम की वजह से सोमवार की दोपहर को ही वह दुकान बंद करके घर चले गए थे। दुकान में रखे तीन लाख रुपये से अधिक के उपकरण, 70 हजार रुपये जलकर राख हो गए। वहीं, दूसरी तरफ लालू मिस्त्री का कहना है कि 60 हजार रुपया का पार्ट जलकर नष्ट हो गया। दोनों दुकान मालिक ने कहा कि दुकान में विद्युत कनेक्शन भी नहीं है। आग कैसे लगी यह मालूम नहीं चल पाया है। बिस्कोहर निवासी मकान मालिक राज किशोर सोनी ने चौकी बिस्कोहर पर अज्ञात के खिलाफ तहरीर देकर जांच की मांग की है। इस संबंध में चौकी प्रभारी राम प्रसाद चंद्र ने बताया कि तहरीर मिली है घटना की जांच कराई जा रही है।