बच्चों के विवाद में मारपीट, पिता-पुत्र घायल
भनवापुर। त्रिलोकपुर थाना क्षेत्र में बच्चों को लेकर हुए विवाद में दो पक्षों में जमकर मारपीट हुई। मारपीट में जमकर लाठी और डंडों का भी इस्तेमाल किया गया। पिता-पुत्र गंभीर रूप से घायल हो गए। पीड़ित पक्ष के लोगों ने थाने में तहरीर देकर कार्रवाई की मांग की है।
क्षेत्र के गड़ावर गांव निवासी सागर गौतम के मुताबिक, सोमवार शाम गांव के ही एक परिवार से कुछ विवाद हुआ। आरोप है कि दूसरे पक्ष की महिला घर पर आई और गालियां देने लगी। तब तक परिवार के अन्य सदस्य भी पहुंच गए। उसके बाद पिता सहजराम को खींचने लगे। जब विरोध किया तो उन लोगों ने लाठी-डंडे से पीटना शुरू कर दिया।
जब तक गांव के लोग बीच बचाव के लिए आते, तब तक उनके पिता सहजराम का सिर फट गया था। किसी तरह गांव के लोगों ने बीच-बचाव कर जान बचाई। उसके बाद इलाज हो सका। इस संबंध में प्रभारी निरीक्षक त्रिलोकपुर राजेश कुमार मिश्र ने कहा कि तहरीर मिली है। केस दर्ज कर पीड़ित को डॉक्टरी मुआयना के लिए भेजा गया गया है।