रोजगार सेवकों ने शुरू किया बेमियादी धरना
सीएम को संबोधित बीडीओ को सौंपा 12 सूत्री ज्ञापन
बर्डपुर(सिद्धार्थनगर)। ब्लॉक कार्यालय में मांगों के समर्थन मे ग्राम रोजगार सेवक वेलफेयर एसोसिएशन ने प्रदेश सरकार के खिलाफ बेमियादी धरना शुरू किया है।
संगठन के ब्लॉक अध्यक्ष सुरेंद्र पांडेय व महामंत्री बाल किशोर की अगुवाई में रोजगार सेवकों ने मुख्यमंत्री को संबोधित 12 सूत्री मांगपत्र प्रभारी बीडीओ की सौंपा। धरने को संबोधित करते हुए ब्लॉक अध्यक्ष सुरेंद्र पांडेय ने कहा कि सरकार रोजगार सेवकों की समस्या को गंभीरता से नहीं ले रही है। महंगाई के दौर में रोजगार सेवक अल्प मानदेय में गुजरा करने को विवश है। उन्होंने कहा कि उप्र में संविदा पर नियुक्त 36000 ग्राम रोजगर सेवकों को विनियमित करके सरकार जब तक राज्य कर्मचारी का दर्जा प्रदान नहीं करती, तब तक संघर्ष जारी रहेगा।
उन्होंने कहा कि प्रदेश सरकार ग्राम रोजगार सेवकों को ग्राम विकास सहायक का पदनाम, कर्मचारी भविष्यनिधि का लाभ, राष्ट्रीय ग्रामीण रोजगार गारंटी सम्मेलन में की गई घोषणा को तत्काल लागू करने, मानदेय वृद्धि को ईपीएफ के प्रावधानों के तहत भुगतान, प्रदेश के समस्त रोजगर सेवकों को राज्य कर्मचारी का दर्जा प्रदान करने, मृत्यु होने पर परिजन को दस लाख की आर्थिक सहायता देने, विकास कार्यों के भुगतान में मनरेगा के फस्ट डोंगल अधिकार देने आदि मांगें हैं। इस दौरान सुनील श्रीवास्तव, बसंत, धर्मेंद्र अनिल, डीडी चौधरी आदि मौजूद रहे।
संविदा मुक्ति अधिकार दिलाओ अभियान चलाने की चेतावनी
इटवा। रोजगार सेवकों ने मुख्यमंत्री को पत्र भेजकर 12 बिंदुओं संबंधी समस्याओं के निदान की मांग की है। रोजगार सेवकों ने एक सप्ताह के अंदर इसे लागू करने को कहा है। साथ ही पूरे प्रदेश मे संविदा मुक्ति अधिकार दिलाओ अभियान चलाने की चेतावनी दी। ब्लॉक अध्यक्ष राम तीरथ गिरि व मंत्री महेंद्र कुमार की अगुवाई में मंगलवार को रोजगार सेवकों ने एडीओ पंचायत राजेश कुमार पांडेय को ज्ञापन सौंपकर कहा है कि एक सप्ताह के अंदर मांगों को न मानने पर आंदोलन किया जाएगा। संवाद