सिद्धार्थनगर। क्षेत्र के बांसी-धानी मार्ग से सेमरा मुस्तहकम होकर बेलौहा बाजार को जोड़ने वाली प्रधानमंत्री ग्राम सड़क योजना की सड़क पर आवश्यकता से अधिक स्पीड ब्रेकर बना दिए गए हैं। इससे वाहन चालकों की परेशानी बढ़ गई है। ब्रेकर पर वाहन अनियंत्रित होकर गिर जा रहा हैं। इससे लोग हादसे का शिकार भी हो रहे हैं।
लोगों का कहना है कि थोड़ी-थोड़ी दूरी पर बने ऊंचे स्पीड ब्रेकर न केवल सफर को असुविधाजनक बना रहे हैं, बल्कि दुर्घटनाओं की आशंका भी बढ़ा रहे हैं। क्षेत्रवासियों ने संबंधित विभाग से सड़क का निरीक्षण कर अनावश्यक ब्रेकर हटाने तथा मानकों के अनुरूप व्यवस्था सुनिश्चित करने की मांग की है।
बांसी तहसील क्षेत्र के क्षेत्र के बांसी-धानी मार्ग से सेमरा मुस्तहकम होकर बेलौहा बाजार को जोड़ने वाली प्रधानमंत्री ग्राम सड़क योजना से करीब सात किलोमीटर लंबी इस सड़क पर आठ स्थानों पर स्पीड ब्रेकर बनाए गए हैं। स्थानीय लोगों का कहना है कि अधिकतर ब्रेकर जरूरत से अधिक ऊंचे हैं, जिससे दोपहिया और चारपहिया वाहन चालकों को परेशानी का सामना करना पड़ रहा है।
खासकर रोजाना इस मार्ग से आवागमन करने वाले लोगों को वाहन की गति बार-बार धीमी करनी पड़ती है, जिससे समय के साथ-साथ वाहन पर भी अतिरिक्त दबाव पड़ता है। ब्रेकर हटाने की कई बार मांग भी की जा चुकी है लेकिन जिम्मेदार समस्या से अनजान बने हैं। नतीजा किसी दिन बड़ा हादसा हो सकता है।