सोशल मीडिया पर कमेंट, युवती की शादी टूटी
शेयर करने वाले की कुंडली खंगालने में जुटी साइबर सेल की टीम
मोहाना थाना क्षेत्र के एक गांव का बताया जा रहा मामला
संवाद न्यूज एजेंसी
सिद्धार्थनगर। सोशल मीडिया पर टिप्पणी और पोस्ट करने से एक युवती की तय हुई शादी टूट गई। साइबर सेल की टीम ने जांच शुरू कर दी है। मामला मोहाना थाना क्षेत्र के एक गांव का बताया जा रहा है।
बदलते वक्त के साथ सब कुछ तेजी से बदल रहा है। हर व्यक्ति सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म का उपयोग कर रहा है। इसमें सोशल मीडिया का गलत इस्तेमाल किसी की छवि को पलभर में धूमिल कर दे रहा है। इससे रिश्ते भी टूट रहे हैं। एक ऐसा ही मामला मोहाना थाना क्षेत्र के एक गांव में सामने आया है। यहां एक लड़की की शादी तय हो गई थी। इसमें एक युवक ने प्रेम प्रसंग होने की बात करते हुए कई प्रकार की टिप्पणी की। मामला इतना तेजी से वायरल हुआ कि जहां रिश्ता लगना था, उस परिवार को जानकारी हो गई। इसके बाद उन्होंने रिश्ता जोड़ने से इनकार कर दिया। इससे लड़की के घर वाले परेशान हो गए। वहीं, सोशल मीडिया के व्हाट्सएप पर हुए पोस्ट को नंबर के जरिए जानकारी करने में जुटी है। पुलिस की साइबर सेल की टीम के जांच के बाद आगे की कार्रवाई की जाएगी। इस संबंध में एएसपी सुरेशचंद्र रावत ने बताया कि मामला संज्ञान में आया है। टीम जांच कर रही है।