सजा की जगह मनचाही तैनाती, होगी जांच
सिद्धार्थनगर। परिषदीय शिक्षकों को निलंबित कर सजा के तौर पर उन्हें मनचाही जगह पर तैनात किए जाने के ‘खेल’ की प्रदेश समेत जिले में भी जांच होगी। स्कूल शिक्षा महानिदेशक विजय किरन आनंद ने बीएसए को भेजे पत्र में शिक्षकों के निलंबन संबंधी लंबित प्रकरणों की रिपोर्ट मांगी है। उन्होंने कहा है कि निलंबित शिक्षकों के विरुद्ध एक माह में विभागीय अनुशासनिक कार्रवाई पूर्ण कर उन्हें सबसे अधिक पद रिक्त वाले स्कूलों में तैनात किया जाए।
स्थानांतरण प्रक्रिया पर कई वर्ष से लगी रोक के कारण बेसिक शिक्षा परिषद के शिक्षकों को मनचाहे स्कूल पर तैनाती नहीं मिल पाई है। इस िलए उनके स्थानांतरण के लिए विभागीय जिम्मेदारों ने नया तरीका खोज लिया है। इसके लिए पहले शिक्षक को किसी मामूली शिकायत पर निलंबित किया जाता है, फिर सजा के तौर पर उन्हें मनचाहे स्कूल पर तैनात कर दिया जाता है।
वहां पहुंचने के कुछ दिन बाद उन्हें जांच में दोषमुक्त कर दिया जाता है। इस तरह बिना स्थानांतरण प्रक्रिया के ही परिषदीय शिक्षकों को मनचाही तैनाती मिल जा रही है। प्रदेश के विभिन्न जिलों से इस तरह की शिकायतें मिलने पर सभी जिलों के बीएसए से स्कूल शिक्षा महानिदेशक विजय किरन आनंद ने पत्र भेजकर रिपोर्ट तलब की है।