कोरोना से मृतक के आश्रित को नियुक्ति में मिलेगी वरीयता
सिद्धार्थनगर। गांव में पंचायत सहायक अकाउंटेंट कम डाटा इंट्री ऑपरेटर पर भर्ती मामले में शासन ने बड़ा बदलाव कर दिया है। कोविड से मरने वाले आश्रित परिवारों को नियुक्ति में प्राथमिकता दी जाएगी। उन्हें इस संबंध में आवेदन करते समय जरूरी दस्तावेज लगाना होगा। उसके बाद उन्हें चयन प्रक्रिया में लाभ मिलेगा।
गांव में विकास की योजनाओं के संचालन और सरकार की योजनाओं का लोगों को लाभ मिले, वे योजनाओं का लाभ लेने के लिए कैसे आवेदन करें और ग्राम पंचायत अधिकारी का बोझ कम हो, उसके लिए पंचायत सहायक अकाउंटेंट कम डाटा इंट्री ऑपरेटर पर भर्ती करने का फैसला लिया है। आवेदन करने के संबंध में शासन स्तर पर शासनादेश भी जारी हो चुका है।
ग्राम पंचायत स्तर पर आवेदन करने सहित अन्य आदेश है। शासन ने एक बार फिर आवेदन की प्रक्रिया को बदलते हुए कोरोना से मरने वाले आश्रितों को नियुक्ति में वरीयता देने का निर्णय लिया है। इसमें आवेदक को शासन की ओर से दिए गए निर्देशों के तहत आवेदन करना है। इस संबंध में डीपीआरओ आदर्श ने बताया कि शासन के मंशानुसार भर्ती प्रक्रिया कराई जाएगी।
आवेदन में यह है अनिवार्य
कोरोना से मृतक परिवार के आश्रित होने के लिए नाम, पता, गांव के अलावा कोरोना से मृत होने वाले से संबंध, कोरोना पॉजिटिव होने की रिपोर्ट, मृत्यु की तिथि, मृत्यु प्रमाण पत्र, कैसे वारिस हैं, इसके अलावा हाईस्कूल और इंटरमीडिएट के प्रमाण पत्र की छायाप्रति आवेदन के समय लगानी होगी।