सिद्धार्थनगर के त्रिलोकपुर थाना पुलिस ने सोमवार को बस्ती जिले के शातिर अपराधी को देसी कट्टा व दो कारतूस के साथ क्षेत्र के ग्राम चिताही से गिरफ्तार करने में सफलता प्राप्त किया। गिरफ्तार किए गए अपराधी पर बस्ती पुलिस ने पांच हजार रुपये का ईनाम घोषित कर रखा है।
पकड़े गए अपराधी का नाम पवन कुमार व जिला बस्ती के वाल्टरगंज थाना क्षेत्र के ग्राम गनेशपुर का निवासी बताया जा रहा है। थानाध्यक्ष त्रिलोकपुर ओमप्रकाश चौबे ने बताया कि मुखबिर से सूचना मिली कि बस्ती जिले का शातिर अपराधी थाना क्षेत्र में कोई घटना को अंजाम देने की नीयत से आया हुआ है। सूचना को गंभीरता से लेते हुए मौके पर पहुंचा।
मुखबिर ने दूर से निशानदेही किया। अपराधी को दौड़ा कर जवानों ने धर दबोचा। पूछताछ में उसने बताया कि थाना क्षेत्र के एक मामले में 29 जनवरी 2015 से वांछित चल रहा है। जिला बस्ती के वाल्टरगंज थाना में गैंगस्टर तामील कराया गया है। वहां चोरियों के कई मामलों में भी वांछित चल रहा है।
एक गैंग भी है, जिसमें मुख्य रूप से 3 सदस्य शामिल है। पड़ोसी जिलों में भी ऐसे सदस्य मौजूद है जो अपराध करने के लिए आते है फिर वापस लौट जाते है। बस्ती पुलिस का दबाव बढने के बाद गैंग ने संतकबीर नगर जिला के धनघटा क्षेत्र के पास आजमगढ़ जिले के बार्डर पर ठिकाना बना लिया है। एसओ ने कहा कि पकड़े गए आरोपी को रिमांड पर लेने के बाद गैंग के बाकी सदस्यों की धर पकड़ की जाएगी।