सिद्धार्थनगर। जिले के अलग-अलग थाना क्षेत्रों में शनिवार को डूबने से मासूम समेत दो लोगों की मौत हो गई। डुमरियागंज के हल्लौर में दो वर्षीय मासूम खेलते समय तालाब में डूब गई। वहीं, ढेबरुआ के तौलिहवा में बूढ़ी राप्ती नदी में डूबने से एक युवक की जान चली गई।
हल्लौर कस्बा निवासी मुबीन की पुत्री खुशी (2) दोपहर में घर के बाहर खेल रही थी। अचानक वह फिसलकर सामने स्थित तालाब में चली गई। आसपास के बच्चों ने घर वालों को सूचना दी तो कोहराम मच गया। आनन-फानन में जाल डालकर मासूम की तलाश शुरू की गई। करीब दो घंटे की मशक्कत के बाद खुशी का शव बाहर निकाला गया। मासूम की मौत से घर वालों का रो-रोकर बुरा हाल था।
उधर, ढेबरुआ थाना क्षेत्र अंतर्गत तौलिहवा ग्राम सभा के इटहिया टोला में गुरुवार को एक व्यक्ति भटकते हुए गांव में पहुंचा। स्थानीय लोगों के मुताबिक दो दिन तक वह गांव में घूमता रहा और लोगों से मांगकर भोजन किया। शनिवार की शाम उसकी लाश बूढ़ी राप्ती नदी में उतराई मिली। मौके पर पहुंची पुलिस ने शव बाहर निकलवाकर शिनाख्त की कोशिश की, लेकिन सफलता नहीं मिली। उसकी उम्र करीब 45 वर्ष बताई जा रही है। इस संबंध में एसओ ढ़ेबरूआ अखिलानंद उपाध्याय ने कहा कि शव की शिनाख्त कराने का प्रयास किया जा रहा है।