बड़का गांव में युवक की मौत के बाद गमजदा महिलाएं।
- फोटो : अमर उजाला ब्यूरो
पथरा। डुमरियागंज थाना क्षेत्र के कुर्थिया गांव में ससुराल गए युवक की संदिग्ध हाल में मौत हो गई। युवक पथरा थाना क्षेत्र के तुरकौलिया तिवारी गांव का निवासी है। मृतक के भाई की सूचना पर पथरा पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। मौत कैसे हुई इसका पता नहीं चल पाया है।
पथरा थाना क्षेत्र के तुरकौलिया तिवारी गांव निवासी रामचंद्र (34) पुत्र दयाराम की डुमरियागंज थाना कुर्थिया गांव में ससुराल है। बड़े भाई हरिश्चंद्र के मुताबिक बुधवार की देर शाम मोबाइल पर फोन आया कि रामचंद्र की मौत हो गई है। सूचना के बाद वह परिवार के साथ बेंवा सीएचसी पहुंचा तो वहां रामचंद्र की लाश पड़ी थी। ससुरालवालों ने बताया कि अचानक तबीयत खराब होने पर अस्पताल पहुंचाया गया, जहां डॉक्टरों ने जिला अस्पताल रेफर कर दिया। अस्पताल ले जाने की तैयारी कर रहे थे, तभी उसकी मौत हो गई। हरिश्चंद्र की सूचना पर पथरा पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। इस संबंध में थानाध्यक्ष दिनेश चौधरी ने बताया कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट के आधार पर कार्रवाई की जाएगी।