नेपाल के कपिलवस्तु में पुलिस की गिरफ्त में रेप अभियुक्त।
- फोटो : अमर उजाला
कपिलवस्तु। किशोरी के साथ सामूहिक दुष्कर्म के बाद वीडियो वायरल करने व मासूम बच्ची के दुष्कर्म व हत्या के मामले में पुलिस ने तीन लोगों को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया। बाकी अपराधियों के भारत में छिपे होने की सूचना पर एक विशेष जांच दल का गठन किया गया है, जो सप्ताह भीतर दोनों घटना में शामिल लोगों को गिरफ्तार करेगी।
तौलिहवां से आठ किमी दूर अंदर गांव में सत्रह वर्ष की किशोरी के साथ छह लोगों ने सामूहिक दुष्कर्म कर वीडियो वायरल किया था। परिजनों की तहरीर व वीडियो को आधार बनाकर पुलिस ने मुकदमा पंजीकृत करते हुए दो को गिरफ्तार किया। अब्दुल राशिद और राहत हुसैन को सार्वजनिक करते हुए कपिलवस्तु पुलिस ने बताया कि पूछताछ में मिली जानकारी के मुताबिक अन्य आरोपी भारतीय सीमा में दाखिल हो चुके हैं। कमालुद्दीन व धर्मेंद्र सहित दो अन्य के नामों की जानकारी प्राप्त हुई है। इन पर यौन अपराध का मुकदमा दर्ज किया गया है। उधर, चंद्रौटा में सात वर्ष की बच्ची को अगवा कर सामूहिक दुष्कर्म व हत्या के मामले में भीम बहादुर को गिरफ्तार किया गया है। भीम बहादुर से घटना में शामिल अन्य लोगों के बारे में पूछताछ की जा रही है। भीम बहादुर के विरुद्ध नाबालिग के साथ सामूहिक दुष्कर्म व हत्या का मुकदमा कायम किया गया है। संबंध में जिला प्रहरी प्रमुख भोजगंग शाह ने बताया कि बाकी आरोपियों को पकड़ने के लिए विशेष जांच दल का गठन किया गया है जो प्रहलाद अधिकारी के नेतृत्व में भारतीय अधिकारियों से संपर्क कर गिरफ्तारी करेगी।