बांसी। आबादी के बीच से शराब की दुकान हटाने को लेकर रविवार को महिलाओं ने जमकर हंगामा किया। मिठवल स्थित देशी शराब की दुकान में घुसकर तोड़फोड़ की। शराब की शीशियां तोड़ दीं। दुकान के सामने बैठकर धरना दिया। मौके पर पहुंची पुलिस ने किसी तरह स्थिति को नियंत्रित किया। प्रदर्शनकारियों को समझा-बुझाकर वापस भेजा गया। इस मामले में दुकान के सेल्समैन ने अज्ञात लोगों के खिलाफ दुकान में घुसकर तोड़फोड़ करने की पुलिस को तहरीर दी है। पुलिस छानबीन कर रही है।
मिठवल बाजार में देशी शराब की लाइसेंसी दुकान स्थापित है। रविवार की दोपहर महिलाओं-पुरुषों का हुजूम लामबंद होकर मौके पर पहुंचा और हंगामा मचाने लगा। महिलाएं दुकान के अंदर घुस गईं और शराब की शीशियां उठाकर तोड़ने लगीं। इससे भी मन नहीं भरा तो दुकान के सामने धरने पर बैठ गई। प्रदर्शनकारियों का कहना था कि आबादी के बीच दुकान होने से माहौल खराब हो रहा है। शराबी नशे में धुत होकर उत्पात मचाते हैं। महिलाओं-लड़कियों पर फब्तियां कसते रहते हैं। इससे उनका राह चलना दुश्वार हो गया है। लिहाजा, इस दुकान को अन्यत्र हटाया जाना जरूरी है। हंगामा बढ़ते देखकर सेल्समैन ने सूचना लाइसेंस धारक अजय श्रीवास्तव व कोतवाली पुलिस को दी। मौके पर पहुंचे आबकारी इंस्पेक्टर नीरज तिवारी, कोतवाली प्रभारी देवेंद्र कुमार श्रीवास्तव ने प्रदर्शनकारियों को समझा-बुझाकर शांत कराया। आश्वस्त किया कि शिकायत की जांच कर समुचित कार्रवाई की जाएगी। इस संबंध में कोतवाल डीके श्रीवास्तव ने बताया कि मुनीम ने 157 शीशी देशी शराब उठा ले जाने की तहरीर दी है। मामले की छानबीन की जा रही है।