जिला अस्पताल में जली छात्रा से बयान लेते नायब तहसीलदार।
- फोटो : अमर उजाला
बढ़नी। मां की डांट स्नातक की छात्रा को इतनी नागवार लगी कि उसने खुद पर मिट्टी का तेल छिड़क कर आग लगा लिया। बुरी तरह झुलसी छात्रा को जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया है, जहां उसकी हालत चिंताजनक बनी हुई है। घटना स्थानीय कस्बे का है।
कस्बा निवासी एक युवती बलरामपुर के कॉलेज में स्नातक द्वितीय वर्ष की छात्रा है। बुधवार की सुबह किसी बात को लेकर मां ने उसे जमकर डांट लगा दी। यह छात्रा को नागवार लगा। बताते हैं कि क्षुब्ध होकर मकान के दूसरे मंजिल पर स्थित कमरे में गई और दरवाजा अंदर से बंद कर लिया। खुद पर मिट्टी का तेल छिड़ककर आग लगा ली।
चीख-पुकार सुनकर मां समेत आसपास के लोग वहां पहुंचे। दरवाजा तोड़कर जब तक छात्रा को आग की चपेट से बाहर निकालते, वह बुरी तरह झुलस गई थी। छात्रा को आनन-फानन में जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां उसकी हालत चिंताजनक बनी हुई थी। नायब तहसीलदार अश्वनी कुमार ने अस्पताल पहुंचकर छात्रा का बयान भी दर्ज किया।