लोटन। हत्या के दोष में आजीवन कारावास की सजा पाए शख्स की गुरुवार सुबह खेत में लाश मिली है। वह फरार चल रहा था। मौके पर पहुंची पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। मामला मोहाना थाना क्षेत्र के पनेरा गांव का है।
पनेरा गांव निवासी जौवाद अली (50) वर्ष हत्या के मामले में आरोपी था। करीब 32 वर्ष पूर्व बस्ती जनपद न्यायालय से उसे आजीवन कारावास की सजा सुनाई गई थी। इसके खिलाफ उसने हाईकोर्ट में याचिका दायर की, वहां से भी उसे मायूसी मिली। इसके बाद से वह फरार चल रहा था। गुरुवार की सुबह गांव के बाहर खेत में उसकी लाश देखी गई। सूचना पाकर परिजन भी पहुंच गए। मौके पर आई मोहाना पुलिस ने छानबीन के बाद शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम को भेज दिया है।
घटना को लेकर गांव में तरह-तरह की चर्चाएं हैं। इस संबंध में मोहाना एसओ सौदागर राय ने बताया कि शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया है। रिपोर्ट से ही साफ होगा कि जौवाद की मौत कैसे हुई है। फिलहाल छानबीन की जा रही है।