संदिग्ध हाल में श्रमिक की मौत
ट्रैक्टर मालिक से रुपये लेकर चौराहे पर जाने की बात कहकर निकला था योगेंद्र
अस्पताल के बजाय पहुंचा दिया घर, हो गई मौत
गोल्हौरा थाना क्षेत्र के भैंसठ गांव का मामला
अमर उजाला ब्यूरो
गोल्हौरा। थाना क्षेत्र के भैंसठ गांव निवासी एक मजदूर की गुरुवार की शाम संदिग्ध हाल में मौत हो गई। सूचना पर पहुंचे सीओ व एसओ ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। मृतक भूसा बनाने वाले ट्रैक्टर पर काम करता था। बताया जा रहा है कि मालिक से मजदूरी के रुपये लेकर चौराहे पर जाने की बात कहकर निकला था। पुलिस मामले की छानबीन में जुट गई है।
क्षेत्र के भैंसठ गांव निवासी योगेंद्र (42) पुत्र घोरई क्षेत्र के ही बरांव गांव निवासी एक व्यक्ति के भूसा बनाने वाले मशीन पर भूसा गिराने का काम कर रहा था। बताया जा रहा है कि गुरुवार की शाम को मालिक से रुपये लेकर जिगिनिहवा चौराहे पर जाने की बात कहकर निकला था। देर शाम तक वह नहीं लौटा तो ट्रैक्टर मालिक योगेंद्र को खोजता हुआ पहुंचा तो उसकी चौराहे पर गंभीर हाल में पड़ा था। बताया जा रहा है कि हादसे के बाद लोगों ने उसे उसके घर भैसठ गांव में पहुंचा दिया। इस बीच उसकी हालत और बिगड़ चुकी थी। परिजन जब तक अस्पताल ले जाने की योजना बनाते उसकी मौत हो चुकी है। उसकी हालत कैसे बिगड़ी और मौत का कारण क्या है। इसके बारे में न तो परिजन कुछ समझ पा रहे हैं और न ही अन्य लोग। शुक्रवार की सुबह मामले की जानकारी मिलने के बाद सीओ इटवा श्रीयश त्रिपाठी और एसओ गोल्हौरा विनोद कुमार राव टीम के साथ मृतक के घर पहुंचे। इसके पंचनामा करके शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है। एसओ विनोद कुमार राव ने बताया कि शव का पंचनामा करके पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट में मौत का कारण स्पष्ट हो पाएगा। अभी तक परिजनों की ओर से तहरीर नहीं मिली है।