खालिस्तान गदर फोर्स के शबनमदीप सिंह समेत पांच के खिलाफ चालान पेश
पटियाला। खालिस्तान गदर फोर्स के आतंकी शबनदीप सिंह समेत पांच के खिलाफ पटियाला में चीफ जुडीशियल मजिस्ट्रेट दीप्ति गुप्ता की अदालत में शुक्रवार को चालान पेश किया गया। इनमें शबनमदीप सिंह के अलावा गुरसेवक सिंह उर्फ सेवक, जतिंदर सिंह उर्फ बिंदर, विनोद कुमार व एक अन्य शामिल है। गौरतलब है कि खालिस्तान गदर फोर्स से संबंधित शबनमदीप सिंह निवासी गांव अरनेटू घग्गा हाल निवासी काहनगढ़ रोड समाना को काबू करके पटियाला पुलिस ने एक पिस्तौल 30 बोर, छह कारतूस, हैंड ग्रेनेड, 111 के करीब विभिन्न आतंकी संगठनों के लेटरपैड बरामद किए थे। शबनमदीप सिंह को पुलिस ने डीएमडब्लयू रोड से स्पेशल नाकाबंदी दौरान गिरफ्तार किया था। शबनमदीप सिंह पाकिस्तान स्थित अपने आकाओं के इशारे पर पंजाब में आतंकी गतिविधियों को अंजाम देता था। जिस समय पुलिस ने उसे काबू किया, वह पटियाला में बम धमाके करने की साजिश रच रहा था। उसके खिलाफ थाना लाहौरी गेट में पर्चा दर्ज किया गया था।