फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

तेज रफ्तार ट्रक ने मां-बेटी को कुचला, मौत

विज्ञापन
विज्ञापन
डुमरियागंज (सिद्धार्थनगर)। स्थानीय थाना अंतर्गत बेंवा पुलिस चौकी के पास मंगलवार की देर शाम तेज रफ्तार ट्रक की चपेट में आने से बाइक सवार मां-बेटी की मौत हो गई। हादसे में पति भी जख्मी हुआ। घटना से गुस्साए लोगों ने चौराहे के पास जाम लगा दिया। ट्रक चालक की गिरफ्तारी और चौराहे पर तैनात किए सिपाहियों पर कार्रवाई की मांग को लेकर करीब डेढ़ घंटे तक लोगों ने बस्ती-डुमरियागंज मार्ग को जाम किया। साथ ही पुलिस-प्रशासन के खिलाफ जमकर नारे लगाए। बाद में एसडीएम-सीओ के आश्वासन पर शाम साढ़े सात बजे जाम समाप्त हुआ। घटना के बाद मौके से फरार चालक को बस्ती जिले के सोनहा थाना क्षेत्र में ट्रक समेत हिरासत में ले लिया गया।
विज्ञापन

डुमरियागंज थाना क्षेत्र के अगया गांव निवासी सुभाष उर्फ शब्बू (30) अपनी पत्नी संध्या (28), बेटी क्रांति (6) को लेकर बाइक से बस्ती जिले के हाथा गांव में अपनी बीमार सास को देखने गया था। मंगलवार की शाम वापस लौटते समय बेंवा चौराहे के पास विपरीत दिशा से आ रही तेज रफ्तार ट्रक ने बाइक में टक्कर मार दी। सड़क पर गिरी संध्या व क्रांति को कुचलते हुए चालक ट्रक लेकर फरार हो गया। मौके पर ही क्रांति की मौत हो गई, वहीं बुरी तरह जख्मी संध्या को आस-पास के लोगों की मदद से बेंवा सीएचसी पहुंचाया गया। हालत गंभीर देख डॉक्टरों ने बस्ती रेफर कर दिया, जहां रास्ते में ही मौत हो गई। हादसे में सुभाष को भी हल्की चोटें आई। बताते हैं कि ग्रामीणों ने पास स्थित पुलिस चौकी को इतला करते हुए भाग रहे ट्रक को पकड़ने की गुहार लगाई, लेकिन मौजूद पुलिसकर्मियों ने इसे अनसुना कर दिया। इससे गुस्साए लोग सड़क पर उतर आए और चौराहे पर जाम लगा दिया। पुलिस-प्रशासन के खिलाफ जमकर नारे लगाए। मौके पर पूर्व विधायक मलिक कमाल यूसुफ भी पहुंच गए। प्रदर्शनकारियों का कहना था कि मां-बेटी की मौत के लिए जितना जिम्मेदार ट्रक चालक है, उतनी ही लापरवाही चौराहे पर तैनात पुलिस की भी है। अगर ड्यूटी के प्रति सचेत रहते तो इतनी बड़ा हादसा नहीं होता। एसडीएम राजेंद्र प्रसाद व सीओ सुनील कुमार सिंह ने लोगों को समझा-बुझाकर जाम हटाने की कोशिश की, लेकिन गुस्साए लोग ट्रक चालक की गिरफ्तारी व ड्यूटी पर तैनात पुलिसकर्मियों पर कार्रवाई की मांग करते रहे। करीब डेढ़ घंटे बाद रात साढ़े सात बजे कार्रवाई का आश्वासन देकर अफसरों ने जाम समाप्त कराया। इस संबंध में डुमरियागंज एसओ राधेश्याम राय ने बताया कि दुर्घटनाग्रस्त ट्रक बस्ती के सोनहा थाना अंतर्गत असनहरा से बरामद कर लिया गया है। चालक को हिरासत में ले लिया गया है। तहरीर मिलने के बाद आवश्यक कार्रवाई की जाएगी।

सड़क किनारे अतिक्रमण से हो रहे हादसे
डुमरियागंज। सड़क की पटरी पर अतिक्रमण के मामले में डुमरियागंज, बेंवा और मोतीगंज चौराहा अव्वल है। यहां फल, सब्जी, चाट की दुकानें सड़क से सटाकर ठेले पर लगाई जाती हैं। खरीदारों की भीड़ सड़क तक आ जाती है। ऐसे में अक्सर वाहन अनियंत्रित होकर हादसाग्रस्त हो रहे हैं। चौराहे से अतिक्रमण हटाने के लिए लोग लगातार मांग करते आ रहे हैं। एक-दो बार पुलिस-प्रशासन ने अभियान भी चलाया, मगर उनकी कार्रवाई औपचारिकता तक सिमट कर रह गई। नतीजा आए दिन हादसों के रूप में सामने आ रहा है।
विज्ञापन


सिपाही बोले: ट्रक पकड़ना उनका काम नहीं
डुमरियागंज। हादसे के बाद पुलिस पर लोगों का गुस्सा यूं हीं नहीं फूटा। ग्रामीणों की माने तो हादसे के तत्काल बाद उन्होंने सूचना चौकी पर दी, मगर तत्काल कार्रवाई की बजाए मौजूद दो पुलिसकर्मियों ने यह कहकर बात टाल दिया कि ट्रक पकड़ना उनका काम नहीं है। यह सुन लोग आक्रोशित हो गए। भीड़ जुटनी शुरू हुई तो पुलिसकर्मी हरकत में आए और घटनास्थल पर पहुंचे। लोगों का कहना था कि पुलिस चौकी चौराहे से महज 100 मीटर दूर है। यहां तैनात कर्मी अक्सर लापरवाही करते हैं। उनकी आंखों के सामने वाहन तेज रफ्तार से गुजरते हैं, बावजूद रोक-टोक की जहमत नहीं उठाते।
विज्ञापन
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें