बढ़नी। सिद्धार्थनगर में रात के अंधेरे में सीमावर्ती क्षेत्र में तस्करी की खबर के बाद हरकत में आई सुरक्षा एजेंसियों ने बुधवार को संदिग्ध वाहन को पकड़ा जिससे 34 बोरियों में 20 क्ंिवटल 40 किलो इंडोनेशियन सुपारी बरामद हुई। इसकी कीमत 4.70 लाख रुपये बताई गई है।
एजेंसियों की लाख कोशिशों के बावजूद तस्कर वाहन लेकर नेपाल में प्रवेश करने में कामयाब हो गए। हालांकि बार्डर पार करते ही नेपाल पुलिस ने वाहन को पकड़ लिया। जबकि तस्कर भागने में कामयाब रहे। वाहन बढ़नी के एक व्यक्ति का बताया जा रहा है। नेपाल सीमा से भारत में तस्करी का खेल लगातार जारी है। हौसलाबुंलद तस्कर रात के अंधेरे का लाभ लेकर पगडंडियों के सहारे प्रतिबंधित सामान भारत में ला रहे हैं।
इसकी खबर बुधवार के अंक में ‘अमर उजाला’ ने प्रमुखता से प्रकाशित की थी। तस्करी की सूचना के बढ़नी एसएसबी की टीम ने मंगलवार की रात से ही बार्डर क्षेत्र में नाकेबंदी कर दी। संदिग्ध वाहन की तलाश होती रही। बताते हैं कि इसी दौरान नेपाल से डीसीएम पर अवैध माल लेकर भारत में प्रवेश की सूचना मिली। सुरक्षाकर्मियों ने जगह-जगह नाकेबंदी कर दी। बगही के पास तेजी से भारतीय सीमा में आ रही डीसीएम सुरक्षा कर्मियों ने रोकना चाहा, लेकिन हौसलाबुलंद तस्कर रोक को दरकिनार करते हुए बगही से दुधवनिया बुजुर्ग से घरूवार के रास्ते होते हुए वापस नेपाल सीमा में प्रवेश कर गए। हालांकि एसएसबी की सूचना पर नेपाल की सिरसिहवा चौकी पुलिस व आर्म्ड पुलिस फोर्स के जवानों ने वाहन को पकड़ लिया। तस्कर भागने में सफल रहे। एसएसबी के सहायक कमांडेंट गौरव कुमार सिंह ने बताया कि वाहन की बरामदगी के लिए नेपाल पुलिस से संपर्क किया गया, लेकिन माल भंसार कार्यालय को सुपुर्द कर दिया गया था।
नेपाल के कृष्णानगर इलाका प्रहरी के प्रभारी नायब निरीक्षक चंद्रप्रकाश शर्मा व सहायक निरीक्षक डोल बहादुर थापा ने बताया कि डीसीएम पर 34 बोरियों में 20 क्ंिवटल 40 किलो इंडोनेशियन सुपारी बरामद हुई है जिसकी कीमत 4.70 लाख रुपये है। माल को भंसार कार्यालय के हवाले कर दिया गया है।