बांसी। तहसील क्षेत्र के टड़वल घाट गांव के पास फजिहतवा नाले में रविवार सुबह साढ़े दस बजे डूबे युवक की लाश मिल गई। पुलिस ने शव का पंचनामा कर परिजनों को सौंप दिया गया है।
रविवार सुबह टड़वल घाट नाले में नहाते समय कमलेश यादव (15) पुत्र सूरज डूब गया था। वह उसका थाना क्षेत्र के कुंआहाटा गांव का निवासी था और अपने ननिहाल टड़वल घाट में रहकर पढ़ाई कर रहा था। रविवार को कमलेश गांव के पास नाले के ऊपर बने पुल से पानी में कूद कर नहा रहा था तभी वह गहरे पानी में चला गया। मौके पर मौजूद ग्रामीणों व गोताखोरों ने रात नौ बजे तक शव की तलाश की, लेकिन वह नहीं मिला। इसके बाद सुबह से गोताखोर युवक के शव की तलाश कर रहे थे। काफी जद्दोजहद के बाद युवक का शव सोमवार की सुबह 11 बजे मिला। पुलिस ने शव का पंचनामा कर परिजनों को सौंपा। हालांकि शव का अंतिम संस्कार माता पिता के इंतजार में आज भी नहीं हो सका। मृतक के माता पिता मुंबई में रहते हैं, घटना की सूचना मिलते ही वहां से चल चुके हैं। एसओ अनिल प्रकाश पांडेय ने बताया कि शव का पंचनामा करके परिजनों को सौंप दिया गया है।