सिद्धार्थनगर। मेंहदावल की एसबीआई शाखा के पास पुलिस को देख भागे कार के चार संदिग्ध सवारियों को खेसरहा पुलिस टीम ने क्षेत्र के बेलौहा चौराहे से घेराबंदी करके पकड़ लिया। एसपी के आदेश पर मेंहदावल पुलिस को सुपुर्द कर दिया है। पकड़े गए सभी संदिग्ध गोरखपुर जिले के निवासी बताए जा रहे हैं।
संतकबीरनगर जिले के मेंहदावल एसबीआई बैंक शाखा के पास शुक्रवार को मेंहदावल थाने की पुलिस को कार सवार चार लोग दिखे। गतिविधि संदिग्ध देख पुलिस टीम ने नजदीक जाकर पूछताछ करना चाही तो कार में सवार होकर भागने लगे। मेंहदावल पुलिस ने मामले की जानकारी एसपी संतकबीरनगर को दी। इसके बाद बस्ती, संतकबीरनगर व सिद्धार्थनगर को वायरलेस सेट के माध्यम से सूचना दी गई। सूचना को संज्ञान में लेते हुए खेसरहा थाने की पुलिस सतर्क हो गई और बेलौहा में चेकिंग शुरू कर दी। इस बीच एक कार आती हुई नजर आई। पुलिस टीम ने कार को घेर लिया और थाने लाई। पकड़े गए संदिग्धों की पहचान नीतेश पांडेय निवासी कोरवा थाना ऊरूआ बाजार, अजय दुबे निवासी रघुवाडीह थाना बासगांव, शिवम तिवारी निवासी थाना ऊरूआ बाजार, विवेक शुक्ला निवासी ग्राम प्रमेश्वर थाना हरपुर बुदहट जनपद गोरखपुर के रूप में की गई है। एसओ अंजनी कुमार राय ने बताया कि एसपी के आदेश पर पकड़े गए संदिग्धों को मेंहदावल पुलिस को सुपुर्द कर दिया गया है। पकड़ने वाली टीम को एसपी ने ढाई हजार रुपये का पुरस्कार दिया है।पकड़ने वाली टीम में एसओ खेसरहा अंजनी कुमार राय, एसआई ददन राय, सिपाही विनोद सिंह, सिद्धार्थ सिंह, चन्द्रकेश राय आदि शामिल रहे। संतकबीरनगर एसपी आकाश तोमर ने बताया कि पकड़े चारों संदिग्धों से पूछताछ की जा रही है। सभी संदिग्ध अपराधी बताए जा रहे हैं।