बढ़नी/परसा। ढ़ेबरुआ थाना क्षेत्र के बढनी उपनगर से गुरुवार को गोंडा गए 26 वर्षीय युवक का तीन दिन बाद भी कोई सुराग न मिला। इससे घरवाले परेशान हैं। वे अनहोनी की आशंका व्यक्त कर रहे हैं। परिजनों ने गोंडा जीआरपी में तहरीर देकर कार्रवाई की मांग की है।13 जून को बढ़नी के वार्ड 9 निवासी राजेश गोयल का इकलौता बेटा राहुल (26) बहन के घर गोंडा जाने के लिए सुबह ट्रेन से निकला। घरवालों के मुताबिक बलरामपुर तक उनकी राहुल से बात हुई। मगर उसके बाद उससे बात नहीं हो सकी। परिजनों ने बढ़नी से लेकर बलरामपुर, गोंडा तक राहुल की तलाश की। जब वह नहीं मिला तो परिजनों ने मजबूरन गोंडा जीआरपी में तहरीर देकर गुमशुदगी का केस दर्ज कराया। केस दर्ज होने के तीन दिन बाद भी युवक का पता नहीं चला। परिजन इकलौते पुत्र का सुराग न मिलने से चिंतित है। प्रभारी थाना निरीक्षक ढ़ेबरुआ राजेन्द्र बहादुर सिंह ने कहा कि जीआरपी गोंडा से संपर्क किया जा रहा है। मोबाइल नंबर सर्विलांस पर लगाकर युवक को तलाशा जा रहा है।
व्यापारियों ने कार्रवाई की मांग की
बढ़नी उपनगर के व्यापारियों का प्रतिनिधि मंडल भाजपा नेता सुनील अग्रहरि के नेतृत्व में ढ़ेबरुआ एसओ राजेन्द्र बहादुर सिंह से मिला और सभी मामलों के पर्दाफाश करने की मांग की है। प्रतिनिधिमंडल में सागर मोदनवाल, नागेन्द्र गुप्ता, पाटेश्वरी अग्रहरि, गोपाल नौनियार आदि मौजूद थे।
लापता हुए दो अन्य का भी पता नहीं
परसा। राहुल से पहले बढ़नी में लगभग दो माह में उपनगर के दो युवा लापता हो चुके हैं। उनकी भी कोई सूचना अभी तक नहीं मिली है। 23 अप्रैल को उपनगर के लोहियानगर रहने वाले राजकुमार का 11 वर्षीय पुत्र सूरज जो कि खेलने गया था तब से लापता है। इसी प्रकार 17 मई को मुंबई से कमाकर ट्रेन से बढ़नी के लोहियानगर स्थित अपने घर वापस लौट आ रहे नंदेश्वर का 19 वर्षीय पुत्र राजन कौशल रास्ते में ही लापता हो गया और अभी तक कुछ पता नहीं चला।