पथरा (सिद्धार्थनगर)। थाना क्षेत्र के पिपरा रामलाल गांव में रविवार को करंट की चपेट में आने से महिला की मौत हो गई। बताया जा रहा है कि महिला मोटर पंप से पानी भर रही थी। मोटर का तार कहीं से कटा हुआ था लिहाजा उसके संपर्क में आने से उसकी मौत हो गई। परिजनों ने बिना पुलिस को सूचना दिए ही शव को दफना दिया है।
क्षेत्र के पिपरा रामलाल गांव निवासी हाजिरा (25) पत्नी नवशाद रविवार को खाना बनाने के लिए घर में बिजली से चलने वाले मोटर से पानी भरने गई थी। मोटर में लगा तार कहीं कटा हुआ था, जैसे ही हाजिरा ने स्वीच ऑन किया। तत्काल करंट की चपेट में आ गई। शोर सुनकर जब तक आसपास के लोग मौके पर पहुंचते उसकी मौत हो चुकी थी। परिजनों ने देर शाम शव को दफन कर दिया। हाजिरा का नासिर नाम से एक बेटा भी है जिसकी उम्र दो वर्ष है। जबकि हाजिरा का पति मुंबई में रहकर काम करता है। इस बारे में पथरा थानाध्यक्ष दिनेश चौधरी ने बताया कि उन्हें इस घटना की जानकारी नहीं है।