विवाहिता की हत्या कर गायब किया शव
खरगूपुर। खरगूपुर के महादेवा कला गांव के मजरा चर्तुभुजपुरवा में दहेज में बाइक व 50 हजार रुपये न मिलने पर ससुराल वालों ने विवाहिता की हत्या कर उसका शव गायब कर दिया। बेटी का हाल जानने के लिए पिता चार माह तक भटकता रहा लेकिन ससुराल के लोग उसे गुमराह करते रहे।
रविवार को उसने अपनी बेटी की हत्या कर उसका शव गायब कर दिए जाने का आरोप लगाते हुए खरगूपुर थाने में पति समेत आठ लोगों के खिलाफ हत्या व साक्ष्य छिपाने की रिपोर्ट दर्ज कराई है।
श्रावस्ती जिले के भिनगा कोतवाली क्षेत्र के अकबरपुर गांव के रहने वाले शहबान खान के मुताबिक उन्होंने अपनी बेटी शहीफलनिशां की शादी खरगूपुर थाना क्षेत्र के महादेवा कला के मजरा चतुर्भुजपुरवा में रहने वाले नईमुद्दीन के साथ पांच वर्ष पहले की थी।
शहबाज का कहना है कि शादी के समय उन्होंने अपने हैसियत के मुताबिक दहेज भी दिया था लेकिन बाइक व 50 हजार रुपये नकदी की मांग को लेकर शहीफुलनिशां के ससुराल वाले उसे परेशान कर रहे थे।
शहीफुलनिशां ने कई बार इस उत्पीड़न की शिकायत की तो दोनों पक्षों के बीच पंचायत भी हुई लेकिन हर बार वह अपनी बेटी को ही समझा बुझाकर ससुराल भेजते रहे। शहबान ने बताया कि जुलाई में अचानक उसकी बेटी ससुराल से गायब हो गई।
इसकी जानकारी के लिए जब वह बेटी के ससुराल पहुंचे तो उन्हें कोई जानकारी नहीं दी गई। परेशान होकर उन्होंने खरगूपुर थाने में बेटी की गुमशुदगी की रिपोर्ट दर्ज करा दी और बेटी की तलाश करते रहे।
चार माह बीत जाने के बावजूद शहीफुलनिशां का पता नहीं चल सका। शहबान का आरोप है कि ससुराल वालों ने दहेज के लालच में उसके बेटी की हत्या कर दी और शव को गायब कर दिया है। शहबान ने शनिवार को क्षेत्राधिकारी सदर भरत लाल यादव से मिलकर इसकी जानकरी दी और ससुराल वालों के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कराने की फरियाद की की। इस पर सीओ ने रिपोर्ट दर्ज करने के निर्देश दिए थे।
रविवार को सीओ के निर्देश पर शहबान ने खरगूपुर थाने में पति नईमुद्दीन, मोहिउद्दीन, जमीरुद्दीन, मुजिउद्दीन, अमीरुद्दीन, रसूल अहमद, शहीदउननिशा व रजिया बेगम के खिलाफ हत्या व साक्ष्य छिपाने की रिपोर्ट दर्ज कराई है। प्रभारी निरीक्षक अशोक सिंह ने बताया कि रिपोर्ट दर्ज कर ली गई है।