सिद्धार्थनगर। जोगिया कोतवाली क्षेत्र के हरैया गांव में बुधवार की भोर में एक विवाहिता संदिग्ध हाल में गांव के बाहर खेत में जलने लगी। आग की लपटों में विवाहिता चीखते-चिल्लाते हुए वहां से गांव स्थित मायके में पहुंची। किसी तरह उसे आग बुझाकर परिजनों ने जिला अस्पताल भर्ती कराया है, जहां उसकी हालत नाजुक बनी हुई है। इसी गांव में विवाहिता का ससुराल भी है। पुलिस ने पति और ससुर को हिरासत में लेकर पूछताछ कर रही है।
क्षेत्र के हरैया गांव निवासी शहाबुद्दीन ने अपनी बेटी सारा खातून (19) की शादी उसी गांव निवासी मेहताब आलम के साथ करीब एक वर्ष पहले की थी। सारा बुधवार की भोर मेें संदिग्ध हाल में गांव के बाहर खेत में जलने लगी और आग से लिपट हुई मायका पहुंच गई। उसे जलता हुआ देख घर वाले दंग रह गए। जब तक परिजन उसे बचाने की कोशिश करते, विवाहिता बुरी तरह से झुलस चुकी थी। आनन-फानन मेें परिजनों ने उसे जिला अस्पताल पहुंचाया, जहां उसकी हालत नाजुक बताई जा रही है। डॉक्टरों के मुताबिक शरीर लगभग 70 प्रतिशत जल चुका है। घटना को लेकर गांव में तरह-तरह की चर्चाएं हैं। इस संबंध में कोतवाली प्रभारी विनोद कुमार सिंह ने बताया कि सूचना पर पहुंचकर पति व ससुर को हिरासत में लेकर पूछताछ की जा रही है। अभी तक मायके पक्ष से कोई तहरीर नहीं मिली है, तहरीर मिलने के बाद जांच कर कार्रवाई जाएगी।