सिद्धार्थनगर। फर्जी शिक्षकों की भर्ती के मामले की जांच के लिए गुरुवार को लखनऊ एसटीएफ की टीम सिद्धार्थनगर पहुंची। तीन सदस्यी टीम ने सबसे पहले बीएसए से पूछताछ की और इसके बाद फर्जी शिक्षकों से जुड़ी फाइलें और दस्तावेजों की जांच की। लखनऊ से आई टीम के सदस्यों ने डीएम व एसपी से भी मुलाकात की।
जिले में हाल ही मे फर्जी दस्तावेज के सहारे शिक्षकों की भर्ती का भांडाफोड़ हुआ था। इस मामले में 38 शिक्षक बर्खास्त किए जा चुके हैं। इनके खिलाफ बीईओ की तहरीर पर धोखाधड़ी व अन्य धाराओं में केस दर्ज कराया जा चुका है। फर्जीवाड़ा कर शिक्षक बनने वाले चार लोगों को गिरफ्तार किया जा चुका है। इस मामले की जांच एसटीएफ भी कर रही है। गुरुवार दोपहर लखनऊ एसटीएफ के एएसपी सत्यसेन के नेतृत्व में तीन सदस्यीय टीम बीएसए कार्यालय पहुंची। टीम ने बीएसए से बर्खास्त 38 शिक्षकों के बारे में जानकारी हासिल ली। यहां भी पूछा कि इनकी नियुक्ति कब हुई थी और उस समय विभाग में कौन लोग तैनात ते। टीम ने दस्तावेजों की जांच की। सूत्रों के अनुसार अधिकारियों कुछ फाइलों को कब्जे में लिया है। इसके बाद टीम डीएम और एसपी से भी मिली। बताया जा रहा है कि टीम अभी एक दिन और जिले में रुक सकती है। इस संबंध में बीएसए रामसिंह ने बताया कि टीम ने बर्खास्तगी की कार्रवाई को सही ठहराया है।