अपराध वाले हॉट स्पॉट चिह्नित, रहेगी पुलिस की नजर
सिद्धार्थनगर। अपराध पर अंकुश लगाने के लिए अब पुलिस अपराध के लिए संवेदनशील स्थलों पर नजर रखेगी। इसके लिए हर थाना क्षेत्र में हॉट स्पॉट चिह्नित किया गया है। इन स्थानों सुरक्षाकर्मी नजर रखेंगे। वह चिह्नित स्थान का भ्रमण करके सुरक्षा का जायजा लेते रहें। रोस्टर के हिसाब से पुलिस कर्मियों की इन स्थलों पर बाकायदा ड्यूटी लगेगी ताकि अपराध पर नियंत्रण किया जा सके। जिले में 106 हॉट स्पॉट चिह्नित किए गए हैं, जहां 54 सीसी कैमरे लगाए जा चुके हैं, जबकि 52 कैमरे जल्द ही लगाए जाएंगे।
अपराध और अपराधियों पर अंकुश लगाने के लिए पुलिस नए प्रयोग कर रही है, जिससे बढ़ते हुए अपराध को रोका जा सके। जिले में लूट, चोरी, छिनैती, वाहन चोरी के लिए जिले के 20 थाना क्षेत्र में पांच-पांच हॉट स्पॉट बनाए गए हैं। जहां पूर्व में इस प्रकार की आपराधिक वारदातें हो चुकी हैं। आगे इस प्रकार की वारदात न होने पाए और उससे पहले ही उसपर अंकुश लग सके। इसके मद्देनजर इन स्थानों पर पुलिस की विशेष नजर रहेगी।
हॉट स्पाट के लिए चिह्नित स्थानों पर पुलिस की स्पेशल ड्यूटी लगेगी। थाने की पुलिस के अलावा यूपी-112 की टीम भी नजर रखेगी। इन स्थानों को सीसी कैमरे की नजर में रखा गया है। यहां पर रोस्टर के हिसाब से ड्यूटी लगाई जाएगी। पुलिस पिकेट लगाकर चेकिंग करेगी। यहां से गुजरने वालों का नाम, पता, मोबाइल सहित अन्य जानकारी रजिस्टर में दर्ज किया जाएगा।
बोले जिम्मेदार
अपराध वाले स्थानों को हॉट स्पॉट के लिए चिह्नित किया गया है, वहां पर पुलिस की ड्यूटी लगेगी। नियमित चेकिंग होगी। जिससे होने वाले अपराध को रोका जा सके।
- सुरेशचंद रावत, एएसपी सिद्धार्थनगर