पुलिस का दावा पहले भी चोरी में पकड़ा जा चुका है शातिर
अमर उजाला ब्यूरो
सिद्धार्थनगर। सदर पुलिस ने ट्रॉली चोरी कर नेपाल में बेचने वाले गिरोह के सरगना को गुरुवार रात सोहांस जाने वाले मार्ग पर स्थित पुल के पास से चोरी की सात ट्रॉली बरामद की है। पुलिस का दावा है कि पकड़ा गया चोर ट्रॉलियों को चुराकर नेपाल में बेचने का काम करता था। उसने अलग-अलग जगहों से ट्रॉली चुराई थी। हालांकि दूसरा साथ भागने में सफल रहा।
एसपी विजय ढुल ने शुक्रवार को पुलिस लाइंस सभागार में आयोजित प्रेस कांफ्रेंस में बताया कि ट्रॉली चोरी की घटनाएं सामने आने के बाद पुलिस टीम को लगाया गया था। गुरुवार रात एसओ सदर डीसी चौधरी को सूचना मिली की ट्रॉली चोरी करने वाले गिरोह के लोग सोहांस जाने वाले मार्ग पर स्थित टूट पुल के पास मौजूद हैं और चोरी की ट्रॉलियों को कहीं भेजने की फिराक में हैं। सूचना को संज्ञान में लेते हुए चौकी प्रभारी पुरानी नौगढ़ राजेश शुक्ल व अन्य पुलिस कर्मियों के साथ बताए हुए स्थान पर पहुंचकर घेराबंदी की। इस दौरान एक आरोपी भागने में सफल रहा, जबकि एक को टीम ने पकड़ लिया। पकड़े गए चोर की पहचान मो. शोएब निवासी बर्डपुर नंबर आठ टोला भावपुर थाना कपिलवस्तु के रूप में हुई है। मौके से चोरी की सात ट्रॉली बरामद की गई। पूछताछ में पकड़े गए शख्स ने बताया कि ट्रॉली-ट्रैक्टर को चोरी कर नेपाल में बेचते थे। पूछताछ के बाद उसे जेल भेज दिया गया है। गिरफ्तार करने वाली टीम में एसओ सदर दिनेश चंद चौधरी निरीक्षक बाबूलाल, चौकी प्रभारी पुरानी नौगढ़ राजेश कुमार शुक्ल, जयप्रकाश दूबे, मोतीलाल यादव, आरक्षी छत्रपति यादव, प्रमोद द्विवेदी, मुकेश सिंह, सिद्धार्थ सिंह शामिल रहे।