ढेबरुआ थाना क्षेत्र के मुजेहना गांव के पास मिले शव का अधिकतर हिस्सा खा गए थे जानवर
संवाद न्यूज एजेंसी
तुलियापुर। ढेबरुआ थाना क्षेत्र के मुजेहना में रविवार को कब्रिस्तान के पास एक अज्ञात बच्चे की क्षत-विक्षत लाश मिली। लाश के अधिकतर हिस्से को जानवरों ने खा लिया था। ग्रामीणों की मदद से पुलिस ने शव की पहचान की कोशिश की, लेकिन सफलता नहीं मिली। इसके बाद पंचनामा करके पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है। लोग आशंका व्यक्त कर रहे हैं कि किसी ने दफनाया होगा और जानवर निकालकर खा गए होंगे।
क्षेत्र के मुजेहना गांव के कब्रिस्तान के पास रविवार सुबह गए लोगों ने एक बच्चे की लाश देखी। लाश के निचले हिस्से के अधिकतर भाग को जानवरों ने खा लिया था। देखते ही देखते बात गांव में फैल गई और आसपास के कई गांवों के लोग मौके पर पहुंच गए।
इसी बीच किसी ने मामले की जानकारी ढेबरुआ पुलिस को दी। सूचना पर एसओ ढेबरुआ शशांक सिंह टीम के साथ मौके पर पहुंचे। उन्होंने देखा तो जानवर बच्चे के पेट का हिस्सा खा चुके थे। एक पैर अलग हो चुका था, जबकि एक पैर मांस से जुड़ा हुआ था। चेहरा देखने में पहचान में आ रहा था। लोगों से शिनाख्त करने की कोशिश की लेकिन कोई पहचान नहीं सका।
इसके बाद क्षत-विक्षत शव को एकत्र करके पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। लोग आशंका व्यक्त कर रहे हैं कि या तो मौत के बाद कोई फेंक गया हो या फिर दफना दिया हो और जानवर खोदकर उसे बाहर निकल लिए हों। फिलहाल, पुलिस इस मामले में किसी नतीजे पर नहीं पहुंची।
इस संबंध में एसओ ढेबरुआ शशांक कुमार सिंह ने बताया कि लाश को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है। रिपोर्ट आने के बाद ही मौत का कारण स्पष्ट हो पाएगा।