ढाबा के कारीगर को मारपीट कर किया लहूलुहान
उसका बाजार। थाना क्षेत्र के उसका-नौगढ़ मार्ग पर महुआ पेट्रोल पंप के सामने स्थित ढाबा पर काम करने वाले कारीगर को कुछ लोगों ने पीटकर लहूलुहान कर दिया। घटना बुधवार सुबह आठ बजे हुई। केस दर्ज करके पुलिस मामले की जांच में जुट गई है।
क्षेत्र के सुगही गांव निवासी बुधेश दैनिक मजदूरी पर खाना बनाते हैं। प्रत्यक्षदर्शियों की मानें तो घटना के दिन सुबह लगभग आठ बजे एक युवक ढाबे में दाखिल हुआ और बिना वजह ढाबा कर्मचारी बुधेश से भिड़ गया। वह गाली-गलौज करते हुए हाथापाई करने लगा। देखते देखते मारपीट होने लगी। इसमें ढाबा कर्मी बुधेश को काफी चोटें आईं। वहां मौजूद लोगों ने बीच-बचाव कर दोनों को अलग किया।
ढाबे के मालिक पप्पू जायसवाल ने घायल बुधेश को अस्पताल पहुंचाया। इस बाबत पीड़ित ढाबा कर्मी ने थाने पर तहरीर देकर गुंजन मिश्र को आरोपित किया है। बताया है कि ढाबा के अंदर घुसकर मारने पीटने वाला युवक महुआ गांव का ही निवासी है और वह अकसर खाना खाने के लिए ढाबे पर आता रहता है। पीड़ित का आरोप है कि घटना के दिन भी गाली गलौज के बाद मारपीट पर आमादा हुआ और जख्मी कर फरार हो गया। इस संबंध में एसओ सतीश कुमार सिंह ने बताया कि मारपीट और एससी-एसटी एक्ट में मुकदमा दर्ज किया गया है। आरोपित को गिरफ्तार करने के लिए पुलिस टीम लगाई गई है।